सास के अंतिम संस्कार में पहुंचे दामाद को मगरमच्छ ने बनाया निवाला…….

NGV PARAKASH NEWS

सास के अंतिम संस्कार में पहुंचे दामाद को मगरमच्छ ने बनाया निवाला

गोंडा, 21 मई 2026.
उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में बुधवार को एक हृदयविदारक हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने आए दामाद को सरयू नदी किनारे मगरमच्छ ने हमला कर नदी में खींच लिया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। प्रशासन ने युवक की तलाश के लिए एसडीआरएफ टीम को बुलाया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डीहा गांव निवासी बाबूलाल की बहू उर्मिला (50) का कैंसर के चलते निधन हो गया था। उनकी बेटी की शादी ग्रेटर नोएडा निवासी दीपक (30) से हुई थी। सास के अंतिम संस्कार में शामिल होने दीपक अपनी पत्नी व चार वर्षीय बेटी के साथ गांव आए थे।

बुधवार दोपहर सनौली मोहम्मदपुर उदयभान पाही के पास सरयू नदी किनारे अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। दीपक चिता सजाने के लिए खूंटा गाड़ने के बाद हाथ धोने नदी किनारे पहुंचे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, इसी दौरान अचानक नदी से निकले मगरमच्छ ने दीपक पर हमला कर दिया और उनके सिर को जबड़े में दबोचकर नदी की ओर खींच ले गया।

मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया और बचाने का प्रयास किया, लेकिन मगरमच्छ कुछ ही क्षणों में युवक को गहरे पानी में लेकर गायब हो गया। सूचना मिलते ही उमरी बेगमगंज थाना पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। स्थानीय गोताखोरों की मदद से युवक की तलाश शुरू की गई, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका।

एसडीएम तरबगंज ने बताया कि लखनऊ से एसडीआरएफ टीम बुलाई गई है, जो सर्च ऑपरेशन चलाएगी। प्रशासन की ओर से परिजनों को आर्थिक सहायता दिए जाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।
घटना के बाद मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *