कॉकरोच जनता पार्टी के नाम पर साइबर ठगी! पंजाब पुलिस की एडवाइजरी के बाद मचा हड़कंप…….

NGV PRAKASH NEWS

कॉकरोच जनता पार्टी के नाम पर साइबर ठगी! पुलिस की एडवाइजरी के बाद मचा हड़कंप

नई दिल्ली, 23 मई 2026.

सोशल मीडिया और वॉट्सऐप पर तेजी से वायरल हो रहे “कॉकरोच जनता पार्टी (CJP)” के नाम वाले मैसेज अब साइबर ठगी का बड़ा हथियार बन चुके हैं। पंजाब पुलिस ने लोगों को सतर्क करते हुए एडवाइजरी जारी की है और कहा है कि साइबर ठग फर्जी लिंक भेजकर लोगों के मोबाइल और बैंक खातों को निशाना बना रहे हैं।

लुधियाना पुलिस द्वारा जारी जागरूकता अभियान में बताया गया कि साइबर अपराधी युवाओं को पार्टी जॉइन करने के नाम पर फर्जी मैसेज भेज रहे हैं। इन मैसेज में आकर्षक बातें लिखकर नीचे एक लिंक दिया जा रहा है। जैसे ही कोई व्यक्ति उस लिंक पर क्लिक करता है, उसका मोबाइल हैक हो जाता है।

पुलिस अधिकारी अमरिंदर सिंह ने वीडियो संदेश में बताया कि एक छोटी सी गलती लोगों को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचा सकती है। फोन हैक होने के बाद साइबर ठग मोबाइल में मौजूद बैंकिंग डिटेल्स, ओटीपी और निजी जानकारी चुरा लेते हैं। इसके बाद बैंक खाते खाली किए जा रहे हैं और कई मामलों में पीड़ितों के नाम पर ऑनलाइन लोन तक ले लिए गए हैं।

बताया जा रहा है कि कॉकरोच जनता पार्टी के फाउंडर का इंस्टाग्राम अकाउंट भी हैक होने का दावा सामने आया है, जिसके बाद यह मामला और चर्चा में आ गया है।

पुलिस ने लोगों को सावधान करते हुए कहा है कि किसी भी अनजान नंबर से आए लिंक पर क्लिक न करें। वेबसाइट का नाम और डोमेन अच्छी तरह जांच लें। खासकर शॉर्ट यूआरएल वाले लिंक से सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि ऐसे लिंक अक्सर फिशिंग के लिए इस्तेमाल किए जाते हैं।

साथ ही पुलिस ने यह भी सलाह दी है कि किसी भी अनजान व्यक्ति या संदिग्ध पोर्टल पर बैंकिंग डिटेल्स और ओटीपी साझा न करें। मोबाइल में किसी भी थर्ड पार्टी ऐप या APK फाइल को इंस्टॉल करने से बचें और ऐप केवल आधिकारिक ऐप स्टोर से ही डाउनलोड करें।

साइबर विशेषज्ञों का कहना है कि सोशल मीडिया और वायरल ट्रेंड्स का फायदा उठाकर ठग लगातार नए-नए तरीके अपना रहे हैं। ऐसे में थोड़ी सी सतर्कता ही बड़े नुकसान से बचा सकती है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *