NGV PRAKASH NEWS

विवादित जमीन पर नाली निर्माण का विरोध, महिला से मारपीट और मंगलसूत्र छीनने का आरोप
बस्ती, 23 मई 2026.
वाल्टरगंज थाना क्षेत्र के बडकुईयां गांव में विवादित जमीन को लेकर तनाव बढ़ गया है। गांव निवासी रामवृक्ष ने आरोप लगाया है कि जबरन नाली निर्माण का विरोध करने पर दबंगों ने उनकी पत्नी के साथ मारपीट की और गले से मंगलसूत्र छीन लिया। मामले में पीड़ित ने वाल्टरगंज पुलिस को लिखित शिकायत देकर कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
रामवृक्ष पुत्र रामबहोर द्वारा पुलिस को दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया गया है कि ग्राम प्रधान राम सुभाव, रामजी, बिन्द्रावती देवी, मीरा देवी, प्रेमा देवी समेत अन्य लोगों के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा है। यह मामला सिविल जज जूनियर डिवीजन न्यायालय में वाद संख्या 242 के तहत विचाराधीन है।

आरोप है कि मामला न्यायालय में लंबित होने के बावजूद विपक्षी पक्ष विवादित जमीन पर जबरन नाली निर्माण कराने की कोशिश कर रहा है। पीड़ित के अनुसार 21 मई को राम सुभाव और उनके सहयोगियों ने विवादित जमीन पर पहुंचकर निर्माण कार्य शुरू कराने का प्रयास किया। विरोध करने पर उनकी पत्नी के साथ मारपीट की गई और गले में पहना मंगलसूत्र छीन लिया गया।
रामवृक्ष ने यह भी बताया कि इसी विवाद को लेकर वाल्टरगंज पुलिस पहले भी 11 फरवरी को धारा 126 और 135 के तहत कार्रवाई कर चुकी है, लेकिन इसके बावजूद विपक्षी पक्ष लगातार दबाव बना रहा है और फौजदारी पर आमादा है।
पीड़ित ने पुलिस से पत्नी का छीना गया मंगलसूत्र वापस दिलाने, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और विवादित जमीन पर हो रहे निर्माण कार्य को तत्काल रुकवाने की मांग की है।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
NGV PRAKASH NEWS