Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं, अधिकारियों को दिए त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश
बस्ती, 16 मई 2026.
जनसुनवाई व्यवस्था को प्रभावी बनाने और आमजन की समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से तहसील सदर में माह मई के तृतीय शनिवार को सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने संयुक्त रूप से फरियादियों की समस्याएं सुनीं और संबंधित विभागीय अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में उप जिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, क्षेत्राधिकारी पुलिस सत्येन्द्र भूषण सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। जिलाधिकारी ने स्पष्ट रूप से कहा कि शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनावश्यक हीलाहवाली बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए मौके पर जाकर जांच करें और निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने भी पुलिस विभाग से जुड़े मामलों की सुनवाई करते हुए संबंधित पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि थानों से संबंधित शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र समाधान कराया जाए। उन्होंने राजस्व और पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय बनाकर शिकायतों के निस्तारण पर जोर दिया।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 90 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 6 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 25, पुलिस विभाग की 15, विकास विभाग की 10, विद्युत विभाग की 8, पूर्ति विभाग की 6, चकबंदी विभाग की 5 तथा अन्य विभागों से संबंधित 21 शिकायतें शामिल रहीं।
कार्यक्रम में डीएफओ डॉ. शिरीन, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, डीडीओ अजय कुमार सिंह, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. ए.के. गुप्ता, उप निदेशक कृषि अशोक कुमार गौतम, बीएसए अनूप तिवारी, मत्स्य अधिकारी संदीप वर्मा, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव, पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी रेखा गुप्ता, सहायक श्रमायुक्त सचिन सिंह, डीएसओ विमल कुमार शुक्ला, डीपीआरओ धनश्याम सागर, डीएचओ अरुण त्रिपाठी, जिला कार्यक्रम अधिकारी राजेश कुमार, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता, तहसीलदार विनय प्रभाकर सहित कई जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने संयुक्त रूप से अधिकारियों को निर्देश दिया कि राजस्व एवं पुलिस विभाग से जुड़े मामलों का आपसी सामंजस्य के साथ निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जनता की शिकायतों के समाधान में किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में बड़ी संख्या में पहुंचे फरियादियों ने अपनी समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं, जिनके समाधान के लिए संबंधित विभागों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
NGV PRAKASH NEWS
