NGV PRAKASH NEWS

UPSC की तैयारी कर रही छात्रा से गैंगरेप, 4 दिन तक फ्लैट में बंधक बनाकर दरिंदगी
लखनऊ, 25 मई 2026.
राजधानी लखनऊ के सुशांत गोल्फ सिटी इलाके से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाला मामला सामने आया है। दिल्ली में रहकर UPSC की तैयारी कर रही जौनपुर की एक छात्रा को उसके ही पुराने दोस्त ने धोखे से ट्रेन से उतार लिया और फिर अपने साथियों के साथ मिलकर चार दिनों तक बंधक बनाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। पीड़िता की हालत बिगड़ने पर आरोपी उसे ट्रेन में बैठाकर फरार हो गए।
पीड़िता जौनपुर की रहने वाली है और दिल्ली विश्वविद्यालय के एक कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई के साथ UPSC की तैयारी कर रही है। कॉलेज में छुट्टी होने के बाद वह 1 मई को अपने घर गई थी। 15 मई को वह सुहेलदेव एक्सप्रेस से दिल्ली लौट रही थी। इसी दौरान उसके पुराने दोस्त शिवम यादव ने उसे मैसेज कर लखनऊ के चारबाग स्टेशन पर मिलने के लिए बुलाया।
चारबाग स्टेशन पहुंचने पर शिवम यादव और उसका साथी सनी यादव वहां पहुंचे और बातचीत के बहाने छात्रा को ट्रेन से उतार लिया। इसके बाद दोनों उसे कैब से सुशांत गोल्फ सिटी इलाके में स्थित एक फ्लैट पर ले गए। आरोप है कि वहां शिवम ने छात्रा को नशीला पदार्थ मिलाकर कोल्ड कॉफी पिलाई, जिससे उसकी हालत बिगड़ने लगी। इसी दौरान उसने जबरन दुष्कर्म किया।
पीड़िता के मुताबिक अगले दिन सनी यादव भी फ्लैट पर पहुंचा और उसने भी कई बार दुष्कर्म किया। छात्रा लगातार विरोध करती रही, लेकिन आरोपी उसे धमकाते रहे। तीसरे दिन शिवम का एक और साथी फ्लैट पर पहुंचा और तीनों ने मिलकर बारी-बारी से उसके साथ गैंगरेप किया। आरोपियों ने चार दिनों तक छात्रा को फ्लैट में बंधक बनाकर रखा। जब भी वे बाहर जाते थे, फ्लैट को बाहर से बंद कर देते थे ताकि वह भाग न सके।
लगातार अत्याचार और शारीरिक शोषण के कारण छात्रा की तबीयत बिगड़ने लगी। इसके बाद 18 मई को आरोपी उसे चारबाग रेलवे स्टेशन लेकर पहुंचे और सुहेलदेव एक्सप्रेस की स्लीपर बोगी में बैठाकर फरार हो गए। ट्रेन जब बरेली पहुंची तो छात्रा ने अपने पिता को फोन कर पूरी घटना बताई। सूचना मिलने पर रेलवे हेल्पलाइन 139 पर शिकायत की गई, जिसके बाद जीआरपी सक्रिय हुई।
20 मई को छात्रा ने दिल्ली के आनंद विहार थाने में एफआईआर दर्ज कराई। मामला लखनऊ से जुड़ा होने के कारण केस को 22 मई को सुशांत गोल्फ सिटी थाने ट्रांसफर कर दिया गया। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए चार टीमें गठित की हैं।
पीड़िता के पिता ने कहा कि उनकी बेटी बेहद होनहार है और आईएएस बनने का सपना देख रही थी, लेकिन इस घटना ने उसे पूरी तरह तोड़ दिया है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और न्याय की मांग की है।
फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है और मामले की जांच जारी है।
NGV PRAKASH NEWS