संयुक्त कार्यवाही में चोरी की 4 मोटरसाइकिलों के साथ दो अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

चोरी की 4 मोटरसाइकिलों के साथ दो अंतरजनपदीय चोर गिरफ्तार, लालगंज पुलिस व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई

बस्ती, 25 मई 2026.

जनपद बस्ती की थाना लालगंज पुलिस, स्वाट और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए दो अंतरजनपदीय वाहन चोरों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

पुलिस अधीक्षक बस्ती के निर्देश पर अपराध एवं अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को थाना लालगंज क्षेत्र के महथा जाने वाले मार्ग पर स्थित नहर पुलिया के पास संदिग्ध बाइक सवार दो युवकों को रोककर पूछताछ की गई। जांच के दौरान दोनों के पास मौजूद मोटरसाइकिल संदिग्ध पाई गई। सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने अपना नाम प्रदुम्य पटेल पुत्र राजेश पटेल निवासी गंगौरा थाना मुंडेरवा जनपद बस्ती तथा राहुल उर्फ गोलू सोनकर पुत्र राजू सोनकर निवासी सजनाखोर थाना लालगंज जनपद बस्ती बताया।

पुलिस जांच में सामने आया कि जिस मोटरसाइकिल से दोनों आरोपी जा रहे थे, उसका रजिस्ट्रेशन नंबर HR36J9010 था और उसके इंजन व चेसिस नंबर को खुरचकर मिटाने का प्रयास किया गया था। आरोपियों की निशानदेही पर बनकटी पोखरे के पास झाड़ियों में छिपाकर रखी गई तीन अन्य चोरी की मोटरसाइकिलें भी बरामद की गईं। इनमें दो हीरो स्प्लेंडर और एक हीरो पैशन प्रो बाइक शामिल है।

बरामद मोटरसाइकिलों में हीरो स्प्लेंडर नंबर UP43AU4633, हीरो स्प्लेंडर नंबर UP43AX4908, बिना नंबर प्लेट की हीरो पैशन प्रो तथा फर्जी नंबर प्लेट लगी हीरो स्प्लेंडर शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि दो मोटरसाइकिलें उन्होंने जनपद गोण्डा से तथा एक बाइक संतकबीरनगर से चोरी की थी। चोरी के बाद बाइक बेचने की नीयत से उन्हें झाड़ियों में छिपाकर रखा गया था।

पुलिस ने गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना लालगंज में मुकदमा अपराध संख्या 138/2026 धारा 317(2), 318(4), 319(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक लालगंज विनय पाठक, प्रभारी स्वाट/सर्विलांस उपनिरीक्षक शेषनाथ यादव, वरिष्ठ उपनिरीक्षक राधेश्याम प्रसाद, उपनिरीक्षक बृषकेतु सिंह सहित थाना लालगंज, स्वाट टीम और सर्विलांस सेल के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *