Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

सांकेतिक चित्र 👆
तेज आँधी-तूफान बना काल, पीपल का पेड़ छप्पर पर गिरने और टीन शेड गिरने से मासूम समेत दो की मौत, कई घायल
बस्ती, 26 मई 2026.
बस्ती जिले में सोमवार देर रात आए तेज आँधी-तूफान और बारिश ने कई परिवारों की जिंदगी उजाड़ दी। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए हादसों में एक मासूम बच्चे समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राकृतिक आपदा के बाद ग्रामीण इलाकों में दहशत और मातम का माहौल बना हुआ है।
पहली घटना परशुरामपुर थाना क्षेत्र के रघुनाथपुर गांव की है, जहां तेज हवाओं के दौरान एक विशालकाय पीपल का पेड़ अचानक कच्चे छप्पर पर गिर पड़ा। हादसे के समय राजू (35), उनकी पत्नी सुषमा (34) और उनका मासूम बेटा विकास छप्पर के नीचे सो रहे थे। अचानक पेड़ गिरते ही पूरा छप्पर भरभराकर ढह गया और तीनों उसके नीचे दब गए।
चीख-पुकार सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद तीनों को मलबे से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परशुरामपुर पहुंचाया। जहां चिकित्सकों ने मासूम विकास को मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल राजू और सुषमा का इलाज जारी है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा हुआ है।
वहीं दूसरी घटना नगर थाना क्षेत्र के बारीजोत ग्राम में हुई, जहां देर रात तेज बारिश और तूफान के दौरान अचानक एक पेड़ टीन शेड गिर गया। जिससे उसके नीचे सो रहे लगभग 50 वर्षीय सुरेंद्र कुमार ऊर्फ मजनू पुत्र काली प्रसाद के ऊपर सारा मालवा भर भर कर गिर गया और वह उसके नीचे दब गए |
प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने जब तक मालवा निकाला तब तक सुरेंद्र की मौत हो चुकी थी । हादसे के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीणों ने किसी तरह मलबा हटाकर शव बाहर निकाला।
दोनों घटनाओं की सूचना पर संबंधित थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अचानक आए इस तूफान ने कई गांवों में भारी नुकसान पहुंचाया है। कहीं पेड़ उखड़ गए तो कहीं कच्चे मकान और छप्पर धराशायी हो गए। हादसों के बाद प्रभावित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
NGV PRAKASH NEWS