थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई, धोखाधड़ी मामले में तीन अभियुक्त गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

थाना अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई, धोखाधड़ी मामले में तीन अभियुक्त गिरफ्तार

बस्ती, 26 मई 2026.

जनपद बस्ती में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना अध्यक्ष नगर भानु प्रताप सिंह के नेतृत्व में थाना नगर पुलिस और SOG टीम को बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई करते हुए पुलिस ने धोखाधड़ी के मामले में वांछित तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय रवाना किया है।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त और क्षेत्राधिकारी कलवारी संजय सिंह के पर्यवेक्षण में थाना अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह ने अपनी टीम के साथ प्रभावी रणनीति बनाकर कार्रवाई को अंजाम दिया। मंगलवार सुबह करीब 7:35 बजे फुटहिया ओवरब्रिज से आगे लखनऊ-बस्ती मार्ग पर घेराबंदी कर तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों में अफाउल्लाह निवासी मिल्लतनगर गांधी नगर थाना कोतवाली बस्ती, फारूक अहमद निवासी रहमतगंज गांधी नगर थाना कोतवाली बस्ती तथा सलीम निवासी नौगढ़ जनपद सिद्धार्थनगर शामिल हैं। पुलिस ने इनके कब्जे से एक सफेद रंग की विटारा ब्रेजा कार, दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन और दो कीपैड मोबाइल बरामद किए हैं।

पुलिस जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्तों में से कुछ के खिलाफ पहले से भी विभिन्न जनपदों में धोखाधड़ी, चोरी और मारपीट सहित कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। थाना अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह की सक्रियता और सतर्कता के चलते पुलिस टीम ने आरोपियों को दबोचने में सफलता हासिल की।

इस कार्रवाई में SOG प्रभारी निरीक्षक विकास यादव, चौकी प्रभारी फुटहिया शैलेश कुमार यादव, उपनिरीक्षक रामसजन सहित थाना नगर और SOG टीम के अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *