NGV PRAKASH NEWS

पन्ना, 26 मई 2026।
पन्ना जिले में मंगलवार को एक दर्दनाक हादसे में निर्माणाधीन कुएं की मिट्टी धंसने से पांच मजदूरों की मौत हो गई। हादसा अजयगढ़ विकासखंड की बीहरपुरवा ग्राम पंचायत के नयापुरवा गांव में हुआ, जहां पंचायत की ओर से कुएं का निर्माण कार्य कराया जा रहा था।
प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, हादसे के समय कई मजदूर कुएं की खुदाई में लगे हुए थे। अचानक मिट्टी भरभराकर गिर गई और मजदूर उसके नीचे दब गए। इस हादसे में दो लोग किसी तरह सुरक्षित बाहर निकल आए, जबकि पांच मजदूरों की मौत हो गई।
ग्रामीणों ने खुद शुरू किया राहत कार्य
स्थानीय ग्रामीणों और मृतकों के परिजनों का आरोप है कि हादसे के कई घंटे बाद तक प्रशासन की ओर से कोई राहत एवं बचाव कार्य शुरू नहीं किया गया। शुरुआती बचाव अभियान गांव वालों ने अपने स्तर पर चलाया।
ग्रामीणों के अनुसार, खेत में पिछले करीब दस दिनों से कुएं की खुदाई का काम चल रहा था। इलाके की मिट्टी पहले से ही कमजोर थी और कुएं के धंसने की आशंका बनी हुई थी।
अधिक मजदूरी का लालच देकर बुलाने का आरोप
अब तक सामने आए मृतकों में गांव के चुन्नू यादव, राजकुमार यादव, आशीष यादव, चुनवाद पाल और एक अन्य मजदूर शामिल हैं।
मृतकों के परिजनों का आरोप है कि मजदूरों को सामान्य मजदूरी से अधिक पैसे देने का लालच देकर काम पर बुलाया गया था, क्योंकि कुएं की स्थिति खतरनाक मानी जा रही थी।
मृतक के रिश्तेदार राकेश यादव ने बताया कि पिछले साल भी यहां खुदाई हुई थी और पानी भरने की वजह से कुएं की हालत खराब थी। उनका कहना है कि कई मजदूर वहां काम करने से डर रहे थे, लेकिन पंचायत के जरिए ठेकेदार ने मजदूरों को काम पर लगाया।
प्रशासन जुटा, बचाव कार्य जारी
हादसे के बाद प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और राहत-बचाव कार्य शुरू कराया गया। फिलहाल मलबा हटाने और पूरे मामले की जांच की कार्रवाई जारी है। गांव में घटना के बाद मातम का माहौल है।
NGV PRAKASH NEWS