NGV PRAKASH NEWS

बेतवा नदी पर निर्माणाधीन पुल का हिस्सा ढहा, 6 मजदूरों की मौत; 3 घायल, सीएम योगी ने लिया संज्ञान
हमीरपुर, 29 मई 2026.
उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में गुरुवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। ललपुरा और कुरारा क्षेत्र को जोड़ने के लिए बेतवा नदी पर बन रहे निर्माणाधीन पुल का एक हिस्सा तेज आंधी, तूफान और भारी बारिश के दौरान अचानक ढह गया। हादसे में छह मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहत-बचाव कार्य के लिए पुलिस, प्रशासन तथा एसडीआरएफ की टीमें तत्काल मौके पर पहुंचीं।
जानकारी के अनुसार थाना ललपुरा क्षेत्र के मोराकंदर परसानी और थाना कुरारा क्षेत्र के नैथी गांव को जोड़ने के लिए बेतवा नदी पर करीब 900 मीटर लंबे पुल का निर्माण कार्य चल रहा था। गुरुवार रात करीब तीन बजे क्षेत्र में तेज आंधी और मूसलाधार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान निर्माणाधीन पुल का भारी स्लैब अचानक भरभराकर नीचे गिर गया। हादसे के समय कई मजदूर स्लैब के नीचे और आसपास काम कर रहे थे, जो मलबे में दब गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, जिला प्रशासन और एसडीआरएफ की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। कई घंटों की मशक्कत के बाद मलबा हटाकर दबे मजदूरों को बाहर निकाला गया। हालांकि छह मजदूरों की मौके पर ही मौत हो चुकी थी। वहीं तीन मजदूर पुल के पिलर पर फंस गए थे, जिन्हें सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूरों की पहचान बांदा जिले के लोकेंद्र निषाद (22) और कुलदीप निषाद (19), भूरागढ़ निवासी सावंत यादव (28), सभाजीत (30), हमीरपुर निवासी पुष्पेंद्र सिंह चौहान (34) तथा राजेश पाल (42) के रूप में हुई है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
इस दर्दनाक हादसे का मुख्यमंत्री ने संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही मृतकों के आश्रितों को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की घोषणा भी की गई है।
प्रशासन ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर तेज आंधी और भारी बारिश को दुर्घटना की वजह माना जा रहा है, हालांकि निर्माण की गुणवत्ता और सुरक्षा मानकों की भी जांच की जाएगी।
समाजवादी पार्टी ने कहां की भ्रष्टाचार ने ले ली मजदूरों की जान,घटना की जांच की मांग लेकर मजदूरों की परिजनों को 2-2 करोड़ मुआवजा देने की मांग की है
NGV PRAKASH NEWS