NGV PRAKASH NEWS

‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके 6 जून को लौटेंगे भारत, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर करेंगे प्रदर्शन
नई दिल्ली, 1 जून 2026.
सोशल मीडिया पर चर्चित व्यंग्यात्मक अभियान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के संस्थापक अभिजीत दीपके ने 6 जून को भारत लौटने की घोषणा की है। उन्होंने कहा है कि वह दिल्ली के जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करेंगे। उनका आरोप है कि विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों और पेपर लीक की घटनाओं के कारण लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है, जिसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
यहां बताते चले की महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर निवासी अभिजीत दीपके वर्तमान में अमेरिका में हैं, जहां उन्होंने बोस्टन यूनिवर्सिटी से अपनी पढ़ाई पूरी की है। सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश जस्टिस सूर्यकांत की युवाओं और कॉकरोच संबंधी टिप्पणी के बाद शुरू हुआ सोशल मीडिया अभियान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ कुछ ही समय में देशभर में चर्चा का विषय बन गया। अभिजीत पहले आम आदमी पार्टी की कम्युनिकेशन टीम के साथ भी काम कर चुके हैं।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक वीडियो संदेश में अभिजीत दीपके ने कहा कि वे लंबे समय से सोशल मीडिया के माध्यम से शिक्षा व्यवस्था में जवाबदेही की मांग उठा रहे हैं। उनका कहना है कि नीट परीक्षा से जुड़े विवादों और कथित पेपर लीक की घटनाओं ने लाखों छात्रों को मानसिक तनाव में डाल दिया है। उन्होंने दावा किया कि उनकी ऑनलाइन याचिका पर आठ लाख से अधिक लोगों ने हस्ताक्षर किए हैं और करोड़ों लोगों ने सोशल मीडिया के माध्यम से इस मांग का समर्थन किया है।
अभिजीत ने कहा कि देश के विभिन्न शहरों में छात्रों और युवाओं द्वारा प्रदर्शन किए जा रहे हैं, लेकिन सरकार की ओर से कोई ठोस प्रतिक्रिया दिखाई नहीं दे रही है। उनके अनुसार नीट, सीबीएसई, सीयूईटी और एसएससी जीडी जैसी परीक्षाओं से जुड़े करोड़ों छात्र इस व्यवस्था से प्रभावित हुए हैं और उन्हें अपने भविष्य को लेकर चिंता बनी हुई है।
उन्होंने कहा कि यदि इतनी बड़ी घटनाओं के बाद भी जिम्मेदारी तय नहीं होती और कोई जवाबदेही नहीं बनती, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए चिंता का विषय है। उन्होंने लोगों से संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी आवाज उठाने की अपील की।
अभिजीत दीपके ने बताया कि वह 6 जून को दिल्ली पहुंचेंगे और अपने समर्थकों के साथ पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन जाकर जंतर-मंतर पर शांतिपूर्ण प्रदर्शन की अनुमति मांगेंगे। उन्होंने छात्रों, युवाओं और अपने समर्थकों से इस अभियान में शामिल होने की अपील करते हुए कहा कि लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार सभी नागरिकों को प्राप्त है और उसी अधिकार का प्रयोग करते हुए वे अपनी मांग सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं।
NGV PRAKASH NEWS