Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बंद पड़े वाटर एटीएम और शौचालयों पर भड़के व्यापारी, डीएम को सौंपा 7 सूत्रीय ज्ञापन
बस्ती, 01 जून 2026.
भीषण गर्मी के बीच शहर और जनपद में बंद पड़े वाटर एटीएम तथा सार्वजनिक शौचालयों को लेकर उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल ने नाराजगी जताई है। सोमवार को संगठन के जिलाध्यक्ष राकेश कुमार सिंह के नेतृत्व में व्यापारियों ने जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी को सात सूत्रीय ज्ञापन सौंपकर तत्काल कार्रवाई की मांग की।
व्यापारियों का आरोप है कि जिला उद्योग एवं व्यापार बंधु की बैठक में नगर पालिका परिषद बस्ती के अधिशासी अधिकारी द्वारा गांधीनगर जलकल परिसर में वाटर एटीएम और पिंक टॉयलेट संचालित होने की जानकारी दी गई थी, लेकिन मौके पर स्थिति इसके विपरीत मिली। संगठन के पदाधिकारियों के अनुसार निरीक्षण के दौरान परिसर में कोई पिंक टॉयलेट नहीं मिला, जबकि महिला एवं पुरुष शौचालयों पर ताले लटके हुए थे। परिसर में गंदगी भी फैली हुई थी। स्थानीय लोगों ने भी बताया कि शौचालय अधिकांश समय बंद रहते हैं, जिससे आमजन को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मंडल अध्यक्ष हरिमूर्ति सिंह ‘मनोज’ और जिला कोषाध्यक्ष प्रदीप सिंह ने कहा कि जिले में लगाए गए लगभग 15 वाटर एटीएम लंबे समय से बंद पड़े हैं। गर्मी के इस मौसम में राहगीरों, व्यापारियों और आम नागरिकों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, जिससे जनसुविधाओं पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
ज्ञापन में गांधीनगर जलकल परिसर स्थित महिला एवं पुरुष शौचालयों को तत्काल आम जनता के लिए खोलने, उनकी नियमित सफाई सुनिश्चित करने, सभी बंद वाटर एटीएम को चालू कराने तथा जिले में स्थापित वाटर एटीएम की व्यापक जांच कर नियमित संचालन सुनिश्चित करने की मांग की गई है। इसके साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए अतिरिक्त पेयजल व्यवस्था किए जाने की भी मांग उठाई गई।
व्यापारियों ने महाराजगंज बाजार में एनएच-27 सर्विस रोड पर हो रहे आरसीसी सड़क निर्माण की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए। ज्ञापन में निर्माण कार्य की जांच कर मानकों के अनुरूप सड़क निर्माण कराने की मांग की गई है।
ज्ञापन सौंपने के दौरान आलोक कुमार दूबे, राणा महेंद्र प्रताप, कमलेश चौधरी, वंदना वर्मा, भरतराम बबलू गुप्ता, अभिषेक गुप्ता, धीरेन्द्र कुमार चौधरी, राम गोपाल सिंह सहित बड़ी संख्या में व्यापारी नेता मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS