35 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा:बैंककर्मी नें ही इस तरह दिया धोखाधड़ी को अंजाम…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

35 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा, बैंक का पूर्व कर्मचारी गिरफ्तार

सिद्धार्थनगर, 01 जून 2026.

सिद्धार्थनगर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने करीब 35 लाख रुपये की साइबर ठगी का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर बैंक खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदलकर नया एटीएम कार्ड जारी कराने और उसके माध्यम से यूपीआई बनाकर लाखों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार साइबर क्राइम थाना में दर्ज मुकदमा संख्या 07/2024 के तहत इस मामले की जांच की जा रही थी। मामले में भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं के साथ आईटी एक्ट की धाराएं भी लगाई गई हैं। पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान के तहत साइबर क्राइम टीम लगातार जांच में जुटी हुई थी।

अपर पुलिस अधीक्षक प्रशांत प्रसाद के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम रोहिणी यादव के निर्देशन में प्रभारी निरीक्षक श्याम सुन्दर तिवारी और उनकी टीम ने मुखबिर की सूचना पर सोमवार को संतकबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र के सेहुड़ा गांव से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान शबान अख्तर पुत्र अब्दुल हाफिज निवासी पेंडरिया, थाना पैकोलिया, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पहले आईसीआईसीआई बैंक में कार्यरत था। इसी दौरान उसे एक खाते में बड़ी धनराशि होने की जानकारी मिली। लालच में आकर उसने खाते में दर्ज मोबाइल नंबर बदल दिया और नया एटीएम कार्ड जारी कराकर स्वयं प्राप्त कर लिया।

आरोपी ने बताया कि नए एटीएम कार्ड की मदद से उसने यूपीआई सक्रिय किया और फिर योजनाबद्ध तरीके से खाते से करीब 35 लाख रुपये निकाल लिए। पूछताछ में यह भी सामने आया कि ठगी की रकम का कुछ हिस्सा उसने अपने परिचितों के खातों में भेजा और बाद में निकाल लिया।

पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच जारी है और यह पता लगाया जा रहा है कि इस धोखाधड़ी में कोई अन्य व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक श्याम सुन्दर तिवारी, मुख्य आरक्षी दिलीप कुमार द्विवेदी, आरक्षी आशुतोष जायसवाल, रामप्रवेश यादव, विशाल तिवारी तथा महिला आरक्षी प्रियंका की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *