भारत का एक गांव जहां आज तक नहीं पहुंची बिजली, 45 किलोमीटर दूर जाकर करते हैं मोबाइल चार्ज…….

NGV PRAKASH NEWS

एक गाँव जो अंधेरे में जीने को मजबूर, आज तक बिजली की रोशनी नहीं देख पाया कश्मीर का यह गांव

कुपवाड़ा (जम्मू-कश्मीर), 05 जून 2026.

देश जहां डिजिटल और तकनीकी विकास के नए आयाम स्थापित कर रहा है, वहीं जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले में स्थित वन दजी गांव आज भी बुनियादी सुविधाओं के लिए संघर्ष कर रहा है। इस गांव की पांच पीढ़ियां अब तक बिजली की रोशनी नहीं देख पाई हैं और नई पीढ़ी भी चूल्हे के धुएं तथा चिरागों की रोशनी के बीच अपना बचपन बिता रही है।

नियंत्रण रेखा (एलओसी) के नजदीक स्थित यह गांव श्रीनगर से लगभग 75 किलोमीटर और कुपवाड़ा शहर से करीब 45 किलोमीटर दूर है। हालांकि दूरी जितनी बड़ी समस्या नहीं है, उससे कहीं अधिक चुनौतीपूर्ण यहां तक पहुंचने का रास्ता है। वाहन केवल लगभग 40 किलोमीटर तक ही पहुंच पाते हैं, जिसके बाद लोगों को पहाड़ों पर पैदल चढ़ाई कर गांव तक पहुंचना पड़ता है।

करीब 500 से कम आबादी वाले इस गांव में आज भी अधिकांश परिवार शाम ढलते ही मशालों और तेल के दीयों का सहारा लेते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार धुएं के संपर्क में रहने से आंखों, गले और फेफड़ों से जुड़ी बीमारियां आम हो गई हैं। गांव में बिजली नहीं होने के कारण लोग अपने मोबाइल फोन और पावर बैंक चार्ज कराने के लिए कई किलोमीटर दूर कुपवाड़ा तक जाते हैं। इसके बावजूद यहां मोबाइल नेटवर्क भी बेहद कमजोर है, जिससे आपात स्थिति में संपर्क करना भी मुश्किल हो जाता है।

ग्रामीणों का कहना है कि उनके गांव में न सड़क है और न ही बिजली की सुविधा। उनका आरोप है कि वर्षों से विकास योजनाओं की चर्चा तो होती रही, लेकिन वन दजी तक सुविधाएं नहीं पहुंच सकीं। गांव के लोग आज भी बुनियादी जरूरतों के लिए कठिन परिस्थितियों का सामना कर रहे हैं।

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, गांव तक बिजली पहुंचाने में सबसे बड़ी बाधा इसकी भौगोलिक स्थिति है। बिजली विभाग के एग्जीक्यूटिव इंजीनियर मोहम्मद शफी वानी के मुताबिक वन दजी समुद्र तल से लगभग 12 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित है। दुर्गम और खतरनाक पहाड़ी रास्तों के कारण बिजली आपूर्ति के लिए जरूरी उपकरण और सामग्री वहां तक पहुंचाना बेहद कठिन कार्य है।

हालांकि अधिकारियों का कहना है कि अब गांव का लंबा इंतजार जल्द समाप्त हो सकता है और बिजली पहुंचाने की दिशा में प्रयास तेज किए जा रहे हैं। यदि योजनाएं समय पर पूरी होती हैं तो पहली बार वन दजी गांव के लोगों के घरों में बिजली की रोशनी पहुंच सकेगी, जिसका इंतजार यहां की कई पीढ़ियां दशकों से कर रही हैं।

NGV PRAKASH NEWS

👉 समाचार स्रोत सोशल मीडिया और BBC news

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *