6 माह की बेटी को गोद में लेकर छठी मंजिल से कुदी इंजीनियर: हुआ ऐसा कारनामा की दंग रह गए लोग…….

NGV PRAKASH NEWS

मां की छलांग से थम गई जिंदगी, लेकिन गोद से छिटकी मासूम ने मौत को दी मात

हैदराबाद, 13 जून 2026.

हैदराबाद के मियापुर इलाके से एक बेहद दर्दनाक और हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर महिला ने अपनी छह महीने की बेटी को गोद में लेकर बहुमंजिला इमारत की छठी मंजिल से छलांग लगा दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चमत्कारिक रूप से उसकी मासूम बेटी की जान बच गई।

घटना मियापुर के मयूरी नगर स्थित लक्ष्मी प्रेस्टीज अपार्टमेंट की बताई जा रही है। मृतक महिला की पहचान 37 वर्षीय ईशा साहू के रूप में हुई है, जो पेशे से आईटी इंजीनियर थीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ईशा अपनी छह महीने की बेटी को सीने से लगाए हुए अपार्टमेंट की छठी मंजिल पर पहुंचीं और अचानक नीचे छलांग लगा दी। नीचे गिरते समय बच्ची उनकी गोद से छिटककर कुछ दूरी पर जा गिरी, जिससे उसकी जान बच गई।

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल बच्ची को सुरक्षित उठाकर केपीएचबी स्थित लोटस हॉस्पिटल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसका उपचार किया। डॉक्टरों के अनुसार बच्ची को मामूली चोटें आई हैं और वह पूरी तरह खतरे से बाहर है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि ईशा साहू पिछले कई महीनों से गंभीर मानसिक तनाव और अनिद्रा की समस्या से जूझ रही थीं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उन्हें लंबे समय से नींद नहीं आती थी, जिसके कारण उनकी मानसिक स्थिति लगातार प्रभावित हो रही थी। जांच अधिकारियों का मानना है कि इसी वजह से वह अवसाद में चली गईं और उन्होंने यह आत्मघाती कदम उठाया।

फिलहाल मियापुर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अपार्टमेंट के निवासियों, परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है ताकि घटना के पीछे की वास्तविक परिस्थितियों का पता लगाया जा सके। वहीं इस दर्दनाक घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है और लोग मासूम बच्ची के सुरक्षित बच जाने को किसी चमत्कार से कम नहीं मान रहे हैं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *