NGV PRAKASH NEWS

132 फीट ऊंचा मोबाइल टॉवर ही उड़ा ले गए चोर, 15 केवी जनरेटर भी गायब; बिहार में हैरान करने वाली वारदात
बक्सर (बिहार), 13 जून 2026.
बिहार के बक्सर जिले से चोरी की एक ऐसी घटना सामने आई है जिसने पुलिस, प्रशासन और स्थानीय लोगों को हैरान कर दिया है। डुमरांव नगर थाना क्षेत्र में स्थित 132 फीट ऊंचा मोबाइल टॉवर, उसके साथ लगा 15 केवी का जनरेटर और अन्य तकनीकी उपकरण रातों-रात गायब हो गए। सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि इतना बड़ा ढांचा रिहायशी इलाके और थाना क्षेत्र के करीब स्थित था, फिर भी किसी को इसकी भनक तक नहीं लगी।
जानकारी के अनुसार यह मोबाइल टॉवर GTL कंपनी का था, जो पिछले कुछ वर्षों से बंद पड़ा हुआ था। हाल ही में कंपनी के अधिकारी टॉवर के निरीक्षण और मरम्मत के लिए मौके पर पहुंचे तो वहां का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। टॉवर, जनरेटर और उससे जुड़े उपकरण पूरी तरह गायब थे। इसके बाद कंपनी की ओर से डुमरांव थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई।
प्रारंभिक आशंका है कि चोरों ने टॉवर को एक बार में नहीं बल्कि कई दिनों तक धीरे-धीरे खोलकर और काटकर चोरी किया। क्योंकि 132 फीट ऊंचे लोहे के ढांचे को बिना भारी उपकरणों के हटाना संभव नहीं माना जा रहा है। इसके बावजूद किसी स्थानीय व्यक्ति या प्रशासनिक तंत्र को इसकी जानकारी नहीं हो सकी।
जमीन मालिक हरेनाथ यादव ने बताया कि वर्ष 2010 में कंपनी के साथ 12 वर्षों का समझौता हुआ था, जिसकी अवधि 2022 में समाप्त हो गई थी। उनके अनुसार समझौते की अवधि खत्म होने के बाद कंपनी की ओर से भुगतान भी बंद हो गया था और इस संबंध में कई नोटिस भेजे गए थे। अब टॉवर और उपकरणों के गायब होने की जानकारी सामने आई है।
बक्सर के पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि टॉवर को वैध प्रक्रिया के तहत हटाया गया था या वास्तव में यह एक बड़ी चोरी की घटना है। जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह अनोखी चोरी पूरे बिहार में चर्चा का विषय बनी हुई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब चोर 132 फीट ऊंचा मोबाइल टॉवर और भारी-भरकम जनरेटर तक गायब कर सकते हैं, तो सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है।
NGV PRAKASH NEWS