Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला युवक गिरफ्तार, पीड़िता सकुशल बरामद
बस्ती, 13 जून 2026.
जनपद बस्ती के थाना नगर क्षेत्र में नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही पीड़िता को सकुशल बरामद कर उसके परिजनों को सौंपने की प्रक्रिया पूरी की गई।
पुलिस के अनुसार थाना नगर में दर्ज मुकदमा संख्या 82/2026, धारा 137(2)/87 बीएनएस के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने पीड़िता की तलाश शुरू की थी। जांच और सुरागरसी के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई, जिसके आधार पर 12 जून 2026 की शाम करीब 7:50 बजे फुटहिया ओवर ब्रिज के पास से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान शिवम गुप्ता (19 वर्ष) पुत्र राजेश गुप्ता निवासी ग्राम हलुआ, थाना गौर, जनपद बस्ती के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस कार्रवाई को थानाध्यक्ष भानु प्रताप सिंह के निर्देशन में उपनिरीक्षक अवधेश शर्मा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने अंजाम दिया। टीम में कांस्टेबल राजू गुप्ता, रिजर्व कांस्टेबल सुमीत शुक्ला तथा महिला रिजर्व कांस्टेबल ज्वाला यादव शामिल रहीं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में आगे की विवेचना जारी है और नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS