Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

अपहरण व दुष्कर्म के आरोपी गिरफ्तार, 12 वारंटी भी दबोचे गए; बस्ती पुलिस की एक दिन में बड़ी कार्रवाई
बस्ती, 13 जून 2026.
जनपद बस्ती में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को शनिवार को बड़ी सफलता मिली। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने एक अपहृत युवती को सकुशल बरामद कर उसके अपहरण के आरोपी को गिरफ्तार किया, दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त को दबोचा तथा 12 वारंटियों को भी गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया।
📍थाना सोनहा पुलिस ने लड़की को बहला-फुसलाकर भगाने के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए मुकदमा दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर पीड़िता को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में आरोपी मैनुद्दीन उर्फ मोनू निवासी सिसवा बरूवार थाना सोनहा को पंचमोहनी के पास से गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल टीम गठित कर कार्रवाई की गई, जिसके परिणामस्वरूप पीड़िता सुरक्षित बरामद हो गई।
📍वहीं थाना पैकोलिया पुलिस ने दुष्कर्म और अन्य धाराओं में दर्ज मुकदमे के वांछित आरोपी अवधेश वर्मा निवासी पिकौरा कुंवर को सेमरा बाजार क्षेत्र से गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ लंबे समय से कार्रवाई की जा रही थी। गिरफ्तारी के बाद उसे आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया।
📍इधर थाना कलवारी पुलिस ने न्यायालय से जारी वारंटों के अनुपालन में विशेष अभियान चलाते हुए 12 वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार किए गए सभी वारंटियों को कारण बताकर हिरासत में लिया गया और नियमानुसार कार्रवाई के बाद संबंधित न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था को प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS