Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

राम-जानकी मार्ग पर बड़ा हादसा होने का खतरा, बैजलपुर पुलिया के पास सड़क में पड़ी गहरी दरार
बस्ती, 14 जून 2026.
कलवारी के पास राम-जानकी मार्ग पर स्थित बैजलपुर पुलिया के समीप सड़क में पड़ी गहरी दरार राहगीरों और वाहन चालकों के लिए चिंता का विषय बन गई है। सड़क और पुलिया के जॉइंट के पास बनी यह दरार लगातार चौड़ी होती दिखाई दे रही है, जिससे किसी भी समय बड़ा हादसा होने की आशंका जताई जा रही है।
स्थानीय लोगों के अनुसार राम-जानकी मार्ग क्षेत्र का प्रमुख संपर्क मार्ग है, जहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में दोपहिया, चारपहिया और भारी वाहन गुजरते हैं। सड़क के किनारे बनी यह खतरनाक दरार धीरे-धीरे बढ़ रही है, जिससे सड़क की मजबूती और सुरक्षा पर सवाल खड़े हो रहे हैं। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इसकी मरम्मत नहीं कराई गई तो सड़क का हिस्सा धंस सकता है और गंभीर दुर्घटना हो सकती है।
मामले में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन उत्तर प्रदेश के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी द्वारा तत्काल संबंधित विभाग और प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए और जनहित को देखते हुए इस समस्या का स्थायी समाधान जल्द कराया जाना आवश्यक है।
वहीं समाजसेवी डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने प्रशासन से मांग की कि मौके का निरीक्षण कर तत्काल मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए। साथ ही उन्होंने सुझाव दिया कि जब तक मरम्मत नहीं होती, तब तक दुर्घटना की आशंका को देखते हुए चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग लगाई जाए ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।
स्थानीय नागरिकों ने भी प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा है कि बरसात के मौसम में स्थिति और अधिक गंभीर हो सकती है। लोगों का मानना है कि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो यह दरार किसी भी दिन बड़े हादसे का कारण बन सकती है।
NGV PRAKASH NEWS