NGV PRAKASH NEWS

लव मैरिज से नाराज पिता ने थाने में बेटी की चाकू मारकर हत्या, इलाज के दौरान तोड़ा दम
बांदा, 14 जून 2026.
उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां प्रेम विवाह से नाराज एक पिता ने थाने के भीतर ही अपनी 19 वर्षीय बेटी पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बदौसा थाना क्षेत्र की रहने वाली युवती का पिछले चार वर्षों से पड़ोस में रहने वाले एक युवक से प्रेम संबंध था। दोनों ने परिवार की मर्जी के खिलाफ 18 मई को घर छोड़कर कोर्ट मैरिज कर ली थी। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर पुलिस दोनों की तलाश कर रही थी। शुक्रवार को पुलिस युवती और उसके पति को मध्य प्रदेश के सतना से बरामद कर थाने लेकर आई थी।
थाने में पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच बातचीत और काउंसिलिंग चल रही थी। इस दौरान युवती ने साफ तौर पर अपने पति के साथ रहने की इच्छा जताई। बताया जाता है कि बेटी के इस फैसले से पिता नाराज हो गया और अचानक चाकू निकालकर उस पर हमला कर दिया। हमले में युवती गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना के बाद थाने में अफरा-तफरी मच गई। पुलिसकर्मियों ने तत्काल घायल युवती को अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी पिता को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया और हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस मामले में विधिक कार्रवाई करते हुए घटना की जांच कर रही है। इस घटना ने एक बार फिर ऑनर किलिंग जैसी मानसिकता और प्रेम विवाह को लेकर समाज में मौजूद कट्टर सोच पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
NGV PRAKASH NEWS