Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

आरटीओ के चक्कर से मिलेगी राहत, 49 परिवहन सेवाएं हुईं ऑनलाइन; घर बैठे होगा लाइसेंस और आरसी का काम
बस्ती, 15 जून 2026.
जनपद बस्ती सहित पूरे प्रदेश के वाहन चालकों और आम नागरिकों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन विभाग ने अपनी 49 सेवाओं को फेसलेस (कॉन्टैक्टलेस) मोड में ऑनलाइन उपलब्ध करा दिया है। अब ड्राइविंग लाइसेंस, लर्नर लाइसेंस, आरसी में संशोधन, डुप्लीकेट दस्तावेज, परमिट नवीनीकरण समेत कई महत्वपूर्ण कार्यों के लिए लोगों को बार-बार आरटीओ कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
संभागीय परिवहन अधिकारी बस्ती फरीदउद्दीन ने बताया कि सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय, भारत सरकार की अधिसूचना तथा उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन विभाग की कुल 49 सेवाओं को ऑनलाइन फेसलेस मोड में संचालित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य आमजन को पारदर्शी, सरल और समयबद्ध सेवाएं उपलब्ध कराना है।
उन्होंने बताया कि इनमें 20 सेवाएं वाहन पोर्टल और 29 सेवाएं सारथी पोर्टल के माध्यम से संचालित की जा रही हैं। वाहन पोर्टल पर अस्थायी पंजीकरण, डुप्लीकेट आरसी, वाहन स्वामी का पता परिवर्तन, फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट जारी करने एवं उसके नवीनीकरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं।
वहीं सारथी पोर्टल के माध्यम से लर्नर लाइसेंस, ड्राइविंग लाइसेंस का नवीनीकरण, डुप्लीकेट ड्राइविंग लाइसेंस, अंतरराष्ट्रीय ड्राइविंग परमिट, नाम एवं पता परिवर्तन तथा कंडक्टर लाइसेंस से जुड़ी विभिन्न सेवाएं ऑनलाइन प्राप्त की जा सकती हैं।
संभागीय परिवहन अधिकारी ने बताया कि आवेदक आधार प्रमाणीकरण के माध्यम से परिवहन विभाग के पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवश्यक दस्तावेज अपलोड करने के बाद सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने पर संबंधित प्रमाण-पत्र और सेवाएं ऑनलाइन जारी कर दी जाएंगी। इससे लोगों का समय बचेगा, अनावश्यक भागदौड़ कम होगी और सेवाओं में पारदर्शिता भी बढ़ेगी।
उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे परिवहन विभाग की ऑनलाइन फेसलेस सेवाओं का अधिक से अधिक उपयोग करें तथा छोटे-छोटे कार्यों के लिए कार्यालय आने के बजाय डिजिटल माध्यम का लाभ उठाएं।
परिवहन विभाग की इस पहल को आमजन के लिए बड़ी सुविधा के रूप में देखा जा रहा है, जिससे अब कई महत्वपूर्ण कार्य घर बैठे ही आसानी से संपन्न किए जा सकेंगे।
NGV PRAKASH NEWS