Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

जनता की शिकायतों पर एसपी बस्ती की बड़ी कार्रवाई, तीन पुलिसकर्मी निलंबित
बस्ती 17 जून 2026।
पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने कड़ा रुख अपनाते हुए थाना परसरामपुर में तैनात तीन पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही मामले की विभागीय जांच के आदेश भी जारी किए गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना परसरामपुर में नियुक्त मुख्य आरक्षी जगत नारायण यादव, आरक्षी आनंद यादव तथा आरक्षी बृजभूषण सिंह के कार्य एवं आचरण को लेकर लगातार शिकायतें प्राप्त हो रही थीं। स्थानीय लोगों द्वारा इनके व्यवहार और कार्यशैली पर सवाल उठाए जा रहे थे, जिससे पुलिस विभाग की आमजन में छवि प्रभावित हो रही थी।
शिकायतकर्ताओं का आरोप था कि संबंधित कर्मियों का आचरण आम जनता के प्रति संतोषजनक नहीं है, जिससे पुलिस विभाग की साख और जनविश्वास पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा था।
इसी बीच उक्त पुलिसकर्मियों का सार्वजनिक स्थान पर कथित रूप से उत्कोच (रिश्वत) लेते हुए एक वीडियो भी संज्ञान में आया। मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह ने तत्काल कार्रवाई करते हुए तीनों पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि पुलिस विभाग में अनुशासनहीनता, भ्रष्ट आचरण एवं जनता के प्रति गलत व्यवहार किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मामले की निष्पक्ष विभागीय जांच कराने के निर्देश दिए हैं, ताकि तथ्यों के आधार पर आगे की आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
एसपी बस्ती की इस कार्रवाई को पुलिस विभाग में जवाबदेही और पारदर्शिता स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। साथ ही यह संदेश भी दिया गया है कि जनता के विश्वास से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को बख्शा नहीं जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS