Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में अवैध हुक्का बार पर पुलिस का छापा, रेस्टोरेंट संचालक समेत दो गिरफ्तार
बस्ती, 18 जून 2026।
जनपद बस्ती में अवैध रूप से संचालित किए जा रहे हुक्का बार के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक रेस्टोरेंट संचालक और उसके सहकर्मी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में हुक्का संचालन में प्रयुक्त सामग्री एवं नशीले पदार्थ बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, 17 जून 2026 को थाना कोतवाली क्षेत्र के मालवीय रोड स्थित कैफे रेब एण्ड रेस्टोरेंट में चेकिंग अभियान चलाया गया। जांच के दौरान रेस्टोरेंट के भीतर अवैध रूप से हुक्का बार संचालित होता पाया गया। पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेस्टोरेंट मालिक और उसके एक सहकर्मी को हिरासत में लेकर तलाशी ली, जहां से बड़ी मात्रा में हुक्का एवं फ्लेवर्ड तंबाकू उत्पाद बरामद हुए।
इस मामले में थाना कोतवाली पर मु0अ0सं0-266/2026 के तहत धारा 271 बीएनएस एवं धारा 21/22 तंबाकू अधिनियम के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों में देवांग चौधरी पुत्र प्रमोद चौधरी निवासी चइयाबारी, थाना कोतवाली जनपद बस्ती तथा अमन यादव पुत्र कृपाल यादव निवासी तामाखास, थाना खलीलाबाद जनपद संतकबीरनगर शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने पांच हुक्का स्टैंड, विभिन्न कंपनियों के फ्लेवर्ड तंबाकू के डिब्बे और पैकेट, हुक्का चार्जिंग मशीन, इलेक्ट्रिक हीटर, कोयला तथा अन्य उपकरण बरामद किए। बरामद सामग्री से यह स्पष्ट हुआ कि रेस्टोरेंट में नियमित रूप से ग्राहकों को हुक्का उपलब्ध कराया जा रहा था।
यह कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक कोतवाली श्री मोतीचंद के नेतृत्व में की गई। अभियान में उपनिरीक्षक राजकुमार पटेल, कांस्टेबल अर्जुन यादव, अतीश कुशवाहा, रिक्रूट कांस्टेबल शिवम वर्मा तथा आशिष वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध गतिविधियों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी है। सार्वजनिक स्थानों पर अवैध हुक्का बार संचालन एवं नशीले पदार्थों के उपयोग को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे प्रतिष्ठानों के विरुद्ध आगे भी कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
NGV PRAKASH NEWS