Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

युवक की गला रेतकर हत्या, बखिरा में तनाव
संतकबीरनगर, 19 जून 2026।
जनपद के बखिरा थाना क्षेत्र स्थित बभनी चौराहे पर एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर भारी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
जानकारी के अनुसार, कुलकी चमरसन गांव निवासी आनंद कुमार की बभनी चौराहे पर एक युवक से कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने धारदार हथियार से आनंद कुमार पर हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बखिरा पुलिस सक्रिय हो गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कई थानों की पुलिस फोर्स मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया तथा क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीणा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों पक्षों के बीच पूर्व में एक बारात के दौरान कहासुनी हुई थी, जिसकी रंजिश चली आ रही थी। इसी पुरानी रंजिश के चलते मामूली विवाद के दौरान आरोपी ने युवक की हत्या कर दी।
पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है तथा आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में तनाव का माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है।
NGV PRAKASH NEWS