Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

अपराध नियंत्रण और जनसुनवाई पर सख्त हुए एसपी ओ.पी. सिंह, भ्रष्टाचार पर जीरो टॉलरेंस का संदेश
कासगंज 19 जून 2026।
जनपद में कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने तथा पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा के उद्देश्य से गुरुवार को पुलिस कार्यालय सभागार में मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी एवं सैनिक सम्मेलन का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता पुलिस अधीक्षक कासगंज ने की। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा विभिन्न शाखाओं के प्रभारी अधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में आगामी त्योहारों को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देशित किया कि अपने-अपने क्षेत्रों में सतर्कता बढ़ाते हुए कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रभावी कदम उठाएं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि शासन की जीरो टॉलरेंस नीति के तहत भ्रष्टाचार किसी भी स्तर पर स्वीकार नहीं किया जाएगा और दोषी पाए जाने वाले कर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
अपराध नियंत्रण को प्राथमिकता देते हुए एसपी ने लंबित विवेचनाओं का शीघ्र निस्तारण करने, वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी तेज करने तथा अवैध शराब, जुआ-सट्टा और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अभियान चलाकर प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर पैदल गश्त बढ़ाने, अतिक्रमण हटाने तथा यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
जनसुनवाई व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए एसपी ने कहा कि थाना और कार्यालयों पर आने वाले फरियादियों, जनप्रतिनिधियों तथा आम नागरिकों के साथ सम्मानजनक एवं सौम्य व्यवहार किया जाए। उनकी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करना पुलिस की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने आईजीआरएस प्रकरणों के निस्तारण में लापरवाही न बरतने और निर्धारित समय सीमा के भीतर त्रुटिरहित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान पुलिसकर्मियों की समस्याएं भी सुनी गईं, जिनके समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इसके अलावा ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने, मिशन शक्ति अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने तथा त्योहारों के मद्देनजर पीस कमेटी की बैठकों का नियमित आयोजन करने पर बल दिया गया।
गोष्ठी के अंत में कासगंज पुलिस को माह मई 2026 में आईजीआरएस शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के लिए प्रदेश स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त होने पर एसपी ओ.पी. सिंह ने आईजीआरएस शाखा एवं संबंधित पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। इस उपलब्धि पर उन्होंने टीम की सराहना करते हुए भविष्य में भी बेहतर कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
दिनांक: 19 जून 2026
NGV PRAKASH NEWS