देह व्यापार और नशे के अड्डे पर पुलिस का छापा, तीन महिलाएं समेत चार गिरफ्तार…….

NGV PRAKASH NEWS

बाराबंकी में देह व्यापार और नशे के अड्डे पर पुलिस का छापा, तीन महिलाएं समेत चार गिरफ्तार

बाराबंकी।

जिले में लंबे समय से संचालित किए जा रहे देह व्यापार और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। दो क्षेत्राधिकारियों (डीएसपी) के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने नगर कोतवाली क्षेत्र के सिद्धार्थनगर मोहल्ले में छापेमारी कर इस संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में नशीली दवाएं, गांजा, कंडोम, मोबाइल फोन तथा नगदी बरामद की गई है।

पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने शनिवार को प्रेसवार्ता कर मामले का खुलासा करते हुए बताया कि नगर कोतवाली क्षेत्र की मंडी चौकी अंतर्गत सिद्धार्थनगर मोहल्ले में स्थित एक मकान में लंबे समय से अनैतिक देह व्यापार और नशे का कारोबार संचालित होने की सूचना मिल रही थी। मैनुअल इंटेलिजेंस और स्थानीय स्तर पर जुटाई गई गोपनीय जानकारी के आधार पर पुलिस ने निगरानी शुरू की थी।

सूचना की पुष्टि होने के बाद दो डीएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर मकान पर छापेमारी की गई। पुलिस के पहुंचते ही वहां मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। तलाशी के दौरान तीन महिलाओं और एक पुरुष को हिरासत में लिया गया। मौके से आपत्तिजनक सामग्री के साथ-साथ गांजा, नशीली दवाएं, कई मोबाइल फोन और नकदी बरामद हुई।

एसपी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि उक्त मकान का उपयोग देह व्यापार के साथ-साथ नशीले पदार्थों की बिक्री और सेवन के लिए किया जा रहा था। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और इसका नेटवर्क कितने क्षेत्रों तक फैला हुआ है।

गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इस गिरोह से जुड़े अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा तथा ऐसे कारोबार में शामिल लोगों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *