Gyan Prakash Dubey-NGV PRAKASH NEWS

हत्या के मामले में कलवारी पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो आरोपी गिरफ्तार; एक बाल अपचारी पुलिस अभिरक्षा में
बस्ती, 11 नवंबर 2026.
कलवारी थाना क्षेत्र के ताहिरपुर गांव में पुरानी रंजिश को लेकर हुए खूनी संघर्ष में महिला की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। बुधवार को कलवारी पुलिस ने हत्या के मुकदमे में वांछित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि एक बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लिया है।
पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर को ताहिरपुर निवासी अखिलेश यादव पुत्र सुधाशंकर ने कलवारी थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि विपक्षी पक्ष के लोगों ने एकराय होकर लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से उनके परिवार पर हमला किया। इस हमले में उनकी मां की मृत्यु हो गई, जबकि पिता, छोटी बहन और वह स्वयं गंभीर रूप से घायल होकर घटनास्थल पर बेहोश हो गए थे।
यहां बताते चलें कि बैजलपुर थाना कलवारी बस्ती निवासनी लक्ष्मी यादव जिनका मायका ताहीरपुर थाना कलवारी बस्ती में है, कल दिनांक 10 नवंबर को मायके गई थी, जहां पर मृतका के दरवाजे के सामने कहा सुनी हो गई, इस पर लक्ष्मी द्वारा फोन कर अपने मायके वालों को बुला लिया गया , और वह कहा सुनी मारपीट में बदल गई जिसमें मृतका के पक्ष के कई लोग घायल हुए, गंभीर अवस्था में उन लोगों को चिकित्सा के लिए अस्पताल पहुंचाया गया जहां उपचार के दौरान शिक्षिका सुधा ( विमला )यादव की मृत्यु हो गई |
मामले में अपर पुलिस अधीक्षक श्याम कांत, क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह भी घटनास्थल पर पहुंचे, जहां पर पहले से ही थाना कलवारी की पुलिस और फोरेंसिक टीम पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण कर रही थी एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस मदद कर रही थी |
मामले में थाना कलवारी पर मु0अ0सं0 275/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के निर्देशन तथा क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश सिंह के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार की टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों में आलोक यादव पुत्र प्रेमचन्द निवासी ताहिरपुर तथा लक्ष्मी पत्नी रामनयन यादव निवासी बैजलपुर, थाना कलवारी, जनपद बस्ती शामिल हैं। इनके साथ एक बाल अपचारी को भी पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है। पुलिस द्वारा तीनों को विधिक कार्रवाई के लिए न्यायालय रवाना किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज कुमार पाण्डेय, कांस्टेबल अभिषेक शर्मा, दिवाकर कुमार, महिला कांस्टेबल नीलम यादव और कंचन मौर्य शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS