शादी से इनकार पर रिटायर्ड IAS के बेटे की हैवानियत, 24 घंटे बाद पीड़िता को आया होश…….

NGV PARAKASH NEWS

‘अगर लोग नहीं आते तो बहन को मार डालता’… शादी से इनकार पर रिटायर्ड IAS के बेटे की हैवानियत, 24 घंटे बाद पीड़िता को आया होश

कानपुर 6,जुलाई 2026।

कानपुर के बिठूर में शादी से इनकार करने पर रिटायर्ड आईएएस अधिकारी के बेटे द्वारा एक महिला पर किए गए जानलेवा हमले ने पूरे शहर को झकझोर दिया है। गंभीर रूप से घायल महिला को 24 घंटे बाद होश आया है और उसका इलाज हैलेट अस्पताल में चल रहा है। इस बीच पीड़िता की बहन ने आरोप लगाया कि अगर मौके पर लोग नहीं पहुंचते तो आरोपी उसकी बहन की हत्या कर देता।

परिजनों के अनुसार, आरोपी देवाशीष निगम लंबे समय से महिला पर शादी करने का दबाव बना रहा था। शनिवार शाम उसने महिला को फोन कर मिलने के लिए बुलाया और दोनों कार से बिठूर के ब्रह्मघाट की ओर चले गए। रास्ते में आरोपी ने फिर शादी की बात छेड़ी, लेकिन महिला ने साफ इनकार कर दिया। इसी बात पर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया।

पुलिस के मुताबिक, मॉडल डेयरी के पास रेलवे ट्रैक की सर्विस लेन पर आरोपी ने कार रोक दी। पहले उसने महिला के साथ मारपीट की। जब महिला ने खुद को बचाने के लिए कार का दरवाजा बंद कर लिया तो आरोपी ने सड़क किनारे पड़ी ईंट से कार का शीशा तोड़ दिया। इसके बाद महिला को कार से घसीटकर बाहर निकाला और उसके सिर, चेहरे व शरीर पर ईंट से कई वार कर दिए।

महिला की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग मौके पर दौड़े और आरोपी को पकड़ लिया। लोगों ने उसकी पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला को पहले रामा मेडिकल कॉलेज और फिर हैलेट अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

रविवार को पीड़िता की बहन ने बताया कि देवाशीष काफी समय से शादी के लिए दबाव बना रहा था। उन्होंने कहा, “मेरी बहन उससे साफ मना करने गई थी, लेकिन उसने जान लेने की कोशिश की। अगर आसपास के लोग समय पर नहीं पहुंचते तो वह उसे मार डालता।” परिजनों का आरोप है कि आरोपी पहले भी धमकी देता था और अपनी मां के रिटायर्ड आईएएस अधिकारी होने का रौब दिखाते हुए कहता था कि उसका कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता।

पुलिस के अनुसार, आरोपी की मां चंद्रा निगम हैं, जबकि उसकी 2014 में शादी हो चुकी है और उसकी एक बेटी भी है। वह पिछले छह महीने से पत्नी से अलग रह रहा था। दूसरी ओर पीड़िता विधवा है और उसकी एक किशोर बेटी है।

बिठूर थाना पुलिस ने आरोपी देवाशीष निगम के खिलाफ हत्या के प्रयास, गंभीर चोट पहुंचाने, मारपीट और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

डीसीपी वेस्ट एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि पीड़िता के परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सभी साक्ष्यों की जांच की जा रही है और मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *