उधार सिगरेट नहीं मिली तो महिला दुकानदार से की छेड़छाड़,फेके पत्थर…….

NGV PRAKASH NEWS

उधार में सिगरेट नहीं मिली तो महिला दुकानदार पर टूट पड़ा युवक, छेड़छाड़ के बाद की मारपीट, छत से बरसाए ईंट-पत्थर

कानपुर जुलाई 2026।

कानपुर के कल्याणपुर थाना क्षेत्र में उधार में सिगरेट न मिलने पर एक युवक का हैरान कर देने वाला बवाल सामने आया है। आरोप है कि युवक ने पहले महिला दुकानदार से छेड़छाड़ की, विरोध करने पर उसके बाल पकड़कर बेरहमी से पीटा और फिर अपने घर की छत पर चढ़कर ईंट-पत्थर बरसाने लगा। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

बारासिरोही निवासी पीड़िता अंडे और पान मसाले की दुकान चलाती हैं। उनके अनुसार रविवार को मोहल्ले का एक युवक दुकान पर सिगरेट लेने आया। जब उससे पैसे मांगे गए तो वह आगबबूला हो गया और गाली-गलौज करने लगा। आरोप है कि उसने महिला के साथ अभद्रता और छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपी ने महिला के बाल पकड़कर मारपीट शुरू कर दी।

महिला की चीख-पुकार सुनकर उसका पति और बेटा मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी मारपीट की। इसके बाद वह अपने मकान की छत पर चढ़ गया और नीचे खड़े परिवार पर ईंट-पत्थर फेंकने लगा। पथराव में दुकान और आसपास रखा सामान क्षतिग्रस्त हो गया। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने चाकू दिखाकर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी भी दी।

घटना के दौरान आसपास मौजूद लोगों ने पूरी वारदात का वीडियो अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर लिया। सोमवार को वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया और लोगों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पीड़िता ने कल्याणपुर थाने में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ छेड़छाड़, मारपीट, पथराव, धमकी और तोड़फोड़ सहित संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।

डीसीपी पश्चिम एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि पीड़ित परिवार की शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जाएगी। वायरल वीडियो और अन्य साक्ष्यों की जांच की जा रही है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *