12 जुलाई को होगा वृहद वृक्षारोपण का कार्यक्रम:रोपे जायेंगे 44 लाख पौधे…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

12 जुलाई को 44 लाख पौधरोपण का लक्ष्य, डीएम ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए सख्त निर्देश

बस्ती, 07 जुलाई 2026।

जनपद बस्ती में 12 जुलाई को प्रस्तावित 44 लाख पौधरोपण (वृहद वृक्षारोपण) अभियान को सफल बनाने के लिए कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की तैयारियों, विभागवार जिम्मेदारियों तथा पौधों के संरक्षण की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक की अध्यक्षता करते हुए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने कहा कि वृक्षारोपण अभियान केवल पौधे लगाने तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन सुनिश्चित करना भी सभी संबंधित विभागों की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संरक्षण, जल संरक्षण और भावी पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए यह अभियान अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए लगाए गए पौधों की जीवित रहने की दर बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जाए।

जिलाधिकारी ने वन विभाग, ग्राम्य विकास, पंचायती राज, नगर निकाय, शिक्षा, उद्यान, सिंचाई, लोक निर्माण विभाग सहित सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप समयबद्ध कार्ययोजना तैयार करें तथा वृक्षारोपण स्थलों का पूर्व निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर लें। साथ ही स्थानीय भौगोलिक एवं पर्यावरणीय परिस्थितियों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण पौधों का चयन सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

बैठक में विभागवार लक्ष्य, पौधों की उपलब्धता, गड्ढों की खुदाई, सिंचाई व्यवस्था, पौधों की सुरक्षा के लिए ट्री गार्ड, नियमित मॉनिटरिंग और जियो-टैगिंग सहित विभिन्न बिंदुओं की विस्तार से समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि अभियान की प्रत्येक गतिविधि की सतत निगरानी की जाएगी तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी। उन्होंने पौधारोपण के बाद नियमित देखभाल एवं संरक्षण की कार्ययोजना पहले से तैयार रखने के भी निर्देश दिए।

बैठक में अधिकारियों ने अपने-अपने विभागों की तैयारियों की जानकारी देते हुए निर्धारित समय-सीमा के भीतर सभी व्यवस्थाएं पूर्ण करने का आश्वासन दिया।

बैठक में पुलिस अधीक्षक डा. यशवीर सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रतिपाल सिंह चौहान, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, डीएफओ डा. शिरीन, सीएमओ डा. राजीव निगम, डीडीओ सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनन्द कुमार गुप्ता, एसडीएम हिमांशु कुमार, मनोज प्रकाश, उमाकान्त तिवारी, रश्मि यादव, शत्रुध्न पाठक, राजेश यादव, डीपीआरओ धनश्याम सागर, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, डीएचओ अरूण कुमार त्रिपाठी, उप कृषि निदेशक अशोक कुमार, अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी अवधेश कुमार, डीसी मनरेगा संजय शर्मा, बीएसए अनूप तिवारी, ईओ नगर पालिका अंगद गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *