Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कासगंज में महिला हत्याकांड के दो ₹25-25 हजार के इनामी बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल, अवैध तमंचे व कारतूस बरामद
कासगंज, 18 जुलाई 2026।
जनपद कासगंज में महिला हत्याकांड के फरार दो इनामी अभियुक्तों को थाना सिकन्दरपुर वैश्य पुलिस ने देर रात हुई मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार दोनों अभियुक्तों ने घेराबंदी के दौरान पुलिस टीम पर फायरिंग की, जिसके जवाब में की गई आत्मरक्षार्थ कार्रवाई में दोनों के पैरों में गोली लगी। घायल अवस्था में गिरफ्तार किए गए दोनों अभियुक्तों पर ₹25-25 हजार का पुरस्कार घोषित था।
📍पुलिस अधीक्षक ओ. पी. सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना सिकन्दरपुर वैश्य पुलिस महिला हत्याकांड के वांछित आरोपियों की तलाश में जुटी थी। यह मामला ग्राम कादरगंज का है, जहां 6 जुलाई 2026 को एक महिला लापता हो गई थी। 8 जुलाई को गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की और 14 जुलाई को एक आरोपी की निशानदेही पर मृतका का शव बरामद किया गया था। इसके बाद अन्य फरार आरोपियों की तलाश लगातार जारी थी।
17 और 18 जुलाई की मध्यरात्रि मुखबिर से सूचना मिली कि दोनों इनामी आरोपी मोटरसाइकिल से कादरगंज आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर चेकिंग शुरू की। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर आरोपियों ने अवैध तमंचों से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आफताब के बाएं पैर और शोएब के दाहिने पैर में गोली लगी, जिसके बाद दोनों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस ने अभियुक्तों के कब्जे से एक मोटरसाइकिल, दो अवैध .315 बोर तमंचे, चार खोखा कारतूस तथा दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। घायल आरोपियों को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पटियाली और बाद में जिला चिकित्सालय कासगंज रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने दोनों की हालत खतरे से बाहर बताई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान आफताब पुत्र जमील तथा शोएब पुत्र सगीर खां, निवासी ग्राम कादरगंज, थाना सिकन्दरपुर वैश्य, जनपद कासगंज के रूप में हुई है। दोनों पर महिला हत्याकांड में ₹25-25 हजार का इनाम घोषित था। पुलिस टीम पर जानलेवा हमला करने के मामले में दोनों के खिलाफ अलग से मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को सफल बनाने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष चंचल सिरोही, उपनिरीक्षक संजय सिंह, मुख्य आरक्षी राकेश, आरक्षी गजेंद्र, आरक्षी रॉबिन, आरक्षी सतेंद्र एवं आरक्षी आलोक शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS