भीषण विस्फोट के साथ यह फैक्ट्री बन गई मजदूरों की कब्रगाह…….

NGV PRAKASH NEWS

अहमदाबाद की पटाखा फैक्ट्री में भीषण धमाका, 9 मजदूरों की मौत; पीएम मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान

अहमदाबाद, 18 जुलाई 2026।

गुजरात के अहमदाबाद के रामोल क्षेत्र के महमूदपुरा इलाके में शनिवार को एक अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट और आग लगने से बड़ा हादसा हो गया। ताज़ा जानकारी के अनुसार हादसे में 9 लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 6 से अधिक लोग घायल हुए हैं। घायलों को उपचार के लिए एल.जी. अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोपहर में फैक्ट्री में अचानक जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे परिसर को अपनी चपेट में ले लिया। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की कई गाड़ियां, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आशंका जताई जा रही है कि मलबे में अन्य लोगों के फंसे होने की संभावना के चलते मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि फैक्ट्री कथित तौर पर बिना वैध लाइसेंस संचालित की जा रही थी। पुलिस और फायर विभाग ने आग लगने के कारणों तथा सुरक्षा मानकों के पालन की जांच शुरू कर दी है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (PMNRF) से 2 लाख रुपये तथा घायलों के लिए 50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *