अचानक हुए विस्फोट में 100 मीटर दूर तक फैल गये शवों अवशेष…….

NGV PRAKASH NEWS

सहारनपुर पटाखा फैक्ट्री विस्फोट: 100 मीटर दूर तक बिखरे शवों के अवशेष, 2 की मौत, कई घायल; मलबे में फंसे लोगों की तलाश जारी

सहारनपुर (उत्तर प्रदेश), 25 जुलाई 2026।

फैक्ट्री में काम कर रहे मजदूरों को क्या पता था यह उनकी जिंदगी का आखिरी दिन होगा, घर की जिम्मेदारियां को पूरा करने के लिए मेहनत से काम कर रहे मजदूरों के परिवारों के लिए एक मनहूस दिन साबित होगा |

जब अचानक हुए ब्लास्ट से उनको सोचने तक का भी समय नहीं मिला |

प्राप्त जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले के गंगोह थाना क्षेत्र स्थित कुंडा (नया गांव) के पास शुक्रवार शाम एक पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट ने पूरे इलाके को दहला दिया। धमाका इतना जबरदस्त था कि उसकी आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी और आसपास के गांवों में अफरा-तफरी मच गई। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई, जिससे राहत और बचाव कार्य और चुनौतीपूर्ण हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फैक्ट्री में काम कर रहे कुछ मजदूरों के शव क्षत-विक्षत हो गए। शरीर के अंग करीब 100 मीटर से अधिक दूरी तक बिखरे मिले। घटनास्थल का मंजर इतना भयावह था कि वहां मौजूद लोग भी सन्न रह गए।

स्थानीय ग्रामीणों ने बिना समय गंवाए राहत कार्य शुरू किया और फैक्ट्री में फंसे लोगों को बाहर निकालने का प्रयास किया। पुलिस और दमकल विभाग को सूचना दी गई, जिसके बाद प्रशासनिक टीमें मौके पर पहुंचीं। शुरुआती जानकारी के अनुसार, दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। कुछ लोगों के मलबे में दबे होने की आशंका के चलते लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

गांव के प्रधान मोहम्मद सन्नवर, जो सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचे, ने बताया कि धमाका इतना तेज था कि पहले उन्हें लगा जैसे कोई बड़ा ट्रांसफॉर्मर फट गया हो। जब वह फैक्ट्री पहुंचे तो चारों ओर चीख-पुकार मची थी और धुएं का गुबार छाया हुआ था। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री की दीवारें पूरी तरह ढह गईं और आसपास के पेड़ों को भी भारी नुकसान पहुंचा। उनके अनुसार, यह फैक्ट्री पिछले लगभग पांच वर्षों से संचालित हो रही थी और पास में बच्चों का मदरसा भी स्थित है।

घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। गंभीर रूप से घायल लोगों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किए जाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन ने पूरे इलाके को सुरक्षा घेरे में लेकर जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल विस्फोट के कारणों का पता नहीं चल सका है। प्रशासन यह जांच कर रहा है कि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन किया जा रहा था या नहीं, साथ ही फैक्ट्री के लाइसेंस और अन्य वैधानिक अनुमतियों की भी जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही हादसे के वास्तविक कारण और जिम्मेदार लोगों की पहचान की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *