एसपी यशवीर सिंह की नई पहल: स्थान पर ड्यूटी व्यवस्था हुई हाईटेक…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती पुलिस में ड्यूटी व्यवस्था हुई हाईटेक, एसपी यशवीर सिंह की नई पहल से बढ़ेगी पारदर्शिता और जवाबदेही

बस्ती, 27 जुलाई 2026।

जनपद बस्ती में पुलिस ड्यूटी व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, निष्पक्ष और जवाबदेह बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने नई व्यवस्था लागू की है। इस पहल के तहत अब जिले के सभी थानों में ड्यूटी आवंटन की प्रक्रिया को व्यवस्थित और निगरानी योग्य बनाया गया है। इसके लिए प्रत्येक थाने पर अनिवार्य रूप से ड्यूटी रजिस्टर तैयार किया जाएगा, जिसमें सभी पुलिसकर्मियों की ड्यूटी का विस्तृत विवरण दर्ज होगा।

अपनी साफ सुथरी की इमेज, ईमानदार छवि और कार्य के प्रति सख्त माने जाने वाले बस्ती के पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह लगातार बस्ती की पुलिस व्यवस्था को साफ सुथरा एवं चुस्त दुरुस्त करने में लगे हैं, इसी क्रम में उन्होंने प्रत्येक थाने पर अनिवार्य रूप से ड्यूटी रजिस्टर रखना और ड्यूटी लगाना अनिवार्य कर दिया है |

नई व्यवस्था के अनुसार अब ड्यूटी लगाने की जिम्मेदारी थाना प्रभारी के निर्देशन में वरिष्ठ उपनिरीक्षक (Senior Sub-Inspector) अथवा अतिरिक्त निरीक्षक/उपनिरीक्षक को सौंपी गई है। पहले की तरह कांस्टेबल मुहर्रिर या हेड मुहर्रिर द्वारा ड्यूटी आवंटन नहीं किया जाएगा, जिससे प्रक्रिया अधिक निष्पक्ष और पारदर्शी बन सके।

ड्यूटी की नियमित निगरानी के लिए प्रत्येक थाने का एक विशेष ड्यूटी व्हाट्सएप ग्रुप भी बनाया गया है। इसमें प्रतिदिन ड्यूटी रजिस्टर की फोटो साझा की जाएगी, जिससे वरिष्ठ अधिकारी वास्तविक समय में ड्यूटी व्यवस्था पर नजर रख सकें।

पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक, क्षेत्राधिकारी एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी इस ग्रुप के माध्यम से प्राप्त जानकारी के आधार पर थानों और ड्यूटी स्थलों का आकस्मिक निरीक्षण करेंगे, ताकि ड्यूटी प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों की मौजूदगी और व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित हो सके।

नई व्यवस्था के तहत प्रत्येक माह के अंत में थाने पर तैनात सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की ड्यूटी का मासिक गोश्वारा तैयार किया जाएगा। इससे यह स्पष्ट होगा कि किस पुलिसकर्मी ने कितने दिन और किन-किन स्थानों पर ड्यूटी की। इस प्रक्रिया से नाकाबंदी, पिकेट, वीआईपी, कोर्ट और थाना ड्यूटी सहित विभिन्न जिम्मेदारियों का समान एवं क्रमवार वितरण सुनिश्चित किया जाएगा।

संपूर्ण व्यवस्था की नियमित निगरानी संबंधित क्षेत्राधिकारी (सीओ) करेंगे और किसी भी प्रकार की अनियमितता पाए जाने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित करेंगे।

पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने बताया कि इस व्यवस्था का उद्देश्य कानून व्यवस्था को और मजबूत बनाना, ड्यूटी आवंटन में पारदर्शिता लाना, कार्यभार का समान वितरण सुनिश्चित करना, पुलिस बल का शत-प्रतिशत उपयोग करना तथा कर्मचारियों की सुविधा और जवाबदेही बढ़ाना है। उन्होंने सभी थाना प्रभारियों, क्षेत्राधिकारियों एवं संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि नई व्यवस्था को पूरी गंभीरता से लागू किया जाए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *