
Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS
डीआईजी संजीव त्यागी ने तीनों जनपदों के पुलिस अधीक्षकों के साथ की मासिक अपराध समीक्षा बैठक, लंबित विवेचनाओं से लेकर साइबर अपराध नियंत्रण तक दिए सख्त निर्देश
बस्ती, 27 जुलाई 2026।
बस्ती परिक्षेत्रीय कार्यालय के सभागार में पुलिस उपमहानिरीक्षक (डीआईजी) संजीव त्यागी की अध्यक्षता में बस्ती परिक्षेत्र के जनपद बस्ती, सिद्धार्थनगर एवं संतकबीरनगर के पुलिस अधीक्षकों के साथ मासिक अपराध समीक्षा गोष्ठी आयोजित की गई। बैठक में कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, लंबित विवेचनाओं के निस्तारण, साइबर अपराध की रोकथाम तथा विभिन्न अभियानों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
डीआईजी संजीव त्यागी ने निर्देश दिए कि सभी लंबित एवं आंशिक विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने गैंगस्टर एक्ट, वांछित एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों, जिला बदर तथा एनबीडब्ल्यू अभियुक्तों की शत-प्रतिशत गिरफ्तारी करने, निरोधात्मक कार्रवाई बढ़ाने तथा चोरी एवं वाहन चोरी की घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में गो-तस्करी की रोकथाम, महिला अपराध, एससी/एसटी एक्ट एवं पॉक्सो एक्ट से जुड़े मामलों में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। साथ ही प्रत्येक विवेचक का SID जनरेट कराने, जनपद स्तर पर साइबर एक्शन प्लान के तहत कार्रवाई करने, यक्ष ऐप पर अपराधियों का सत्यापन शीघ्र पूर्ण कराने तथा बीट सूचनाओं पर थाना प्रभारी एवं क्षेत्राधिकारियों द्वारा नियमित टिप्पणी अंकित करने के निर्देश भी दिए गए।
डीआईजी ने साइबर अपराध, CCTNS, IGRS, NCRB, कर्मयोगी पोर्टल, CM डैशबोर्ड, JMIS, ICJS, NAFIS, CEIR सहित सभी महत्वपूर्ण पोर्टलों की नियमित मॉनिटरिंग एवं समयबद्ध फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने मुख्यमंत्री जनता दर्शन, पब्लिक ग्रीवांस रिव्यू पोर्टल एवं अन्य उच्चस्तरीय शिकायत पोर्टलों पर प्राप्त प्रार्थना-पत्रों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण करने के भी निर्देश दिए।
बैठक में महिला अपहृताओं एवं गुमशुदा व्यक्तियों की शत-प्रतिशत बरामदगी, गैंगस्टर एक्ट एवं धारा 107 BNSS के अंतर्गत संपत्ति जब्तीकरण की कार्रवाई, अधिकाधिक बैंक खातों को लीन कराने, गुण्डा एक्ट के तहत जिला बदर की कार्रवाई तथा वर्तमान में संचालित ऑपरेशन मजनू, ऑपरेशन साइंवज्र एवं पुरस्कार घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान की प्रभावी समीक्षा की गई।
इसके अलावा ITSSO पोर्टल पर 45 दिनों से अधिक लंबित अभियोगों, GRM एवं MRM पोर्टलों पर लंबित शिकायतों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। विभागीय कार्यों की समीक्षा करते हुए डीआईजी ने नियम 14(1) एवं 14(2) के अंतर्गत लंबित विभागीय पत्रावलियों, प्रारंभिक जांच, मृतक आश्रित सेवायोजन एवं चिकित्सा प्रतिपूर्ति से संबंधित मामलों का शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश भी दिए।
कम्यूनिटी पुलिसिंग को और मजबूत बनाने के उद्देश्य से कम्यूनिटी पुलिसिंग यूनिट को दिव्यांग व्यक्तियों से संपर्क स्थापित कर संवाद करने एवं उनकी सूची तैयार करने के निर्देश दिए गए। वहीं ZFD योजना के तहत सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए ट्रैफिक एक्शन प्लान तथा मादक पदार्थों की रोकथाम के लिए ड्रग्स एक्शन प्लान तैयार कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
बैठक में पुलिस अधीक्षक बस्ती डॉ. यशवीर सिंह, पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर डॉ. अभिषेक महाजन, पुलिस अधीक्षक संतकबीरनगर संदीप कुमार मीना सहित परिक्षेत्रीय कार्यालय के शाखा प्रभारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS