NGV PRAKASH NEWS

एक ही परिवार पर बार-बार सांप के हमले से दहशत, बहन को दूसरी और भाई को एक माह में पांचवीं बार डसा.
बागपत 28 जुलाई 2026।
उत्तर प्रदेश के बागपत जिले में एक ही परिवार पर बार-बार सांप के हमले की घटनाओं ने लोगों को हैरान कर दिया है। बिनौली गांव निवासी एक परिवार का दावा है कि सांप ने उनकी बेटी को एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार और बेटे को पिछले एक माह में पांच बार डस लिया है। लगातार हो रही घटनाओं से परिवार दहशत में है और रातभर जागकर समय बिताने को मजबूर है।
परिजनों के अनुसार, सोमवार शाम विनोद वाल्मीकि की बेटी खुशी घर के बाहर बने बाथरूम में गई थी। इसी दौरान सांप ने उसके पैर में डस लिया। चीख सुनकर पहुंचे परिजन उसे तत्काल बिनौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया।
परिवार का कहना है कि इससे पहले 22 जुलाई को भी खुशी को घर में काम करते समय सांप ने डस लिया था, जिसके बाद उसका इलाज बागपत जिला अस्पताल और फिर मेरठ मेडिकल कॉलेज में कराया गया था। वहीं खुशी के भाई राजा को भी पिछले एक माह के दौरान पांच बार सांप डस चुका है। इन लगातार घटनाओं के कारण पूरा परिवार भय के साये में जी रहा है।
📍ध्यान दें: बागपत की घटना में परिवार द्वारा यह दावा किया गया है कि सांप ने एक ही भाई-बहन को कई बार डसा है। हालांकि, इसके पीछे “सांप बदला ले रहा है” जैसी किसी धारणा की वैज्ञानिक पुष्टि नहीं है। विशेषज्ञों के अनुसार, ऐसी घटनाएं संयोगवश भी हो सकती हैं।
NGV PRAKASH NEWS