Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर पुलिस अधीक्षक कासगंज का फोकस, कादरगंज गंगा घाट व कांवड़ रूट का किया निरीक्षण
कासगंज, 28 जुलाई 2026।
सावन माह में चल रही कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, व्यवस्थित और सकुशल संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक कासगंज ओ.पी. सिंह ने मंगलवार को थाना सिकन्दरपुर वैश्य क्षेत्र के कादरगंज गंगा घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने घाट पर तैनात फ्लड कंपनी के जवानों और स्थानीय गोताखोरों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार और स्थानीय थाना प्रभारी के साथ सिकन्दरपुर वैश्य, पटियाली, एटा रोड एवं गंजडुण्डवारा सहित कांवड़ रूट और डायवर्जन मार्गों का भ्रमण किया। उन्होंने यातायात व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुरक्षा तथा वाहनों के सुचारु संचालन को लेकर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सतर्कता के साथ ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए।
इसके बाद शासन द्वारा कांवड़ यात्रा के संबंध में जारी दिशा-निर्देशों की समीक्षा करते हुए पुलिस अधीक्षक ने अधीनस्थ अधिकारियों को उनका पूर्ण पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस बल लगातार कांवड़ मार्ग पर भ्रमणशील रहे, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष सतर्कता बरते तथा ग्राम प्रधानों, चौकीदारों, संभ्रांत नागरिकों और कांवड़ मित्रों के साथ नियमित बैठक कर उन्हें आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए।
पुलिस अधीक्षक ने यह भी निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था और पवित्रता को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्ग पर किसी भी प्रकार के मांसाहारी भोजन एवं मदिरा की बिक्री या सेवन न होने दिया जाए। इसके लिए ढाबा संचालकों, मदिरा दुकानदारों और पेट्रोल पंप संचालकों से समय रहते संपर्क कर शासन के निर्देशों से अवगत कराया जाए।
उन्होंने कांवड़ समितियों तथा अन्य संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाकर यात्रा के दौरान उत्पन्न होने वाली समस्याओं का तत्काल समाधान करने पर जोर दिया। साथ ही संदिग्ध मार्गों और ग्रामीण क्षेत्रों में प्रभावी चेकिंग एवं गश्त करने तथा अपराधियों और असामाजिक तत्वों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन के माध्यम से लगातार निगरानी रखने के निर्देश भी दिए।
NGV PRAKASH NEWS