Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने किया पटियाली थाने का आकस्मिक निरीक्षण, कांवड़ यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था पर दिए सख्त निर्देश
कासगंज, 28 जुलाई 2026।
कांवड़ यात्रा को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने मंगलवार देर रात क्षेत्राधिकारी पटियाली अमित कुमार के साथ थाना पटियाली का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान थाना परिसर, मालखाना, बैरक, मेस, सीसीटीएनएस कार्यालय, महिला हेल्प डेस्क तथा अन्य अभिलेखों का गहन परीक्षण किया गया। अभिलेखों में मिली कमियों को तत्काल दूर करने, सभी रिकॉर्ड अद्यतन रखने तथा थाना परिसर की व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने पुलिसकर्मियों को कांवड़ यात्रा में आने वाले श्रद्धालुओं के साथ शालीन एवं सम्मानजनक व्यवहार करने, संयम बनाए रखने तथा भीड़भाड़ वाले स्थानों पर धैर्यपूर्वक ड्यूटी निभाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिस का व्यवहार ऐसा होना चाहिए जिससे श्रद्धालुओं में सुरक्षा और विश्वास की भावना बनी रहे।
इसके बाद थाना कार्यालय में हल्का उपनिरीक्षकों और बीट पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर शासन द्वारा जारी कांवड़ यात्रा संबंधी निर्देशों की समीक्षा की गई। अधिकारियों को कांवड़ मार्ग पर लगातार भ्रमण करने, यातायात डायवर्जन को प्रभावी ढंग से लागू कराने, मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में विशेष निगरानी रखने तथा ग्राम प्रधानों, चौकीदारों, कांवड़ मित्रों और डीजे संचालकों के साथ बैठक कर शासन के निर्देशों से अवगत कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही कांवड़ मार्ग पर सीसीटीवी कैमरे लगाने और संचार उपकरणों को पूरी तरह दुरुस्त रखने पर भी जोर दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रा के दौरान माहौल बिगाड़ने, सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने या धार्मिक सौहार्द प्रभावित करने का प्रयास करने वाले अराजक तत्वों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने श्रद्धालुओं की आस्था को ध्यान में रखते हुए कांवड़ मार्ग पर मांसाहार और मदिरा के उपयोग पर रोक सुनिश्चित कराने, ढाबा संचालकों, पेट्रोल पंप मालिकों और अन्य व्यापारियों से समन्वय स्थापित कर शासन के निर्देशों का पालन कराने को भी कहा।
इसके अलावा संवेदनशील एवं संदिग्ध स्थानों पर प्रभावी चेकिंग और गश्त बढ़ाने, ग्रामीण क्षेत्रों में सतर्क निगरानी रखने तथा सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों के माध्यम से अपराधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधीक्षक ने हिस्ट्रीशीटरों, सक्रिय अपराधियों, पूर्व में गोकशी में लिप्त आरोपियों और गौ तस्करों का भौतिक सत्यापन कर उन पर कड़ी निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी अधीनस्थ अधिकारियों को दिए।
NGV PRAKASH NEWS