मानसून सत्र की गन्ना बुवाई का जिला गन्ना अधिकारी ने किया निरीक्षण,दिया आवश्यक निर्देश…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में मानसून सत्र की गन्ना बुवाई का जिला गन्ना अधिकारी ने किया निरीक्षण

किसानों को उन्नत खेती, कीट नियंत्रण और समय पर बुवाई के दिए आवश्यक दिशा-निर्देश

बस्ती, 04 अगस्त 2026।

बस्ती जिले के बजाज चीनी मिल रुधौली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मझौवा लाल सिंह में मानसून सत्र की गन्ना बुवाई एवं फसलों की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिला गन्ना अधिकारी जगभान भदोहिया ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने खेतों में पहुंचकर गन्ने की फसल का अवलोकन किया और किसानों से खेती से जुड़ी विभिन्न जानकारियां प्राप्त कीं।

निरीक्षण के दौरान उनके साथ बजाज चीनी मिल रुधौली के गन्ना महाप्रबंधक लवकुश सिंह चौहान, सहायक महाप्रबंधक गन्ना अनिल कुमार शुक्ला, सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे तथा विनोद सिंह भी मौजूद रहे।

किसानों को उन्नत खेती अपनाने की दी सलाह

जिला गन्ना अधिकारी जगभान भदोहिया एवं गन्ना महाप्रबंधक लवकुश सिंह चौहान ने किसानों को संबोधित करते हुए मानसून सत्र में समय पर गन्ने की उन्नत बुवाई करने, संतुलित मात्रा में खाद एवं सिंचाई का प्रबंधन सुनिश्चित करने तथा कीट एवं रोग नियंत्रण के लिए वैज्ञानिक तरीकों को अपनाने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि बेहतर कृषि प्रबंधन से गन्ने की गुणवत्ता और उत्पादन दोनों में वृद्धि होगी।

63 कॉलम खतौनी का प्रदर्शन, किसान सट्टा अवश्य जांचें

सीनियर गन्ना अधिकारी बाल सिंधु गगन पांडे ने किसानों को जानकारी देते हुए बताया कि चीनी मिल द्वारा 63 कॉलम खतौनी का प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने गन्ना सट्टे की सावधानीपूर्वक जांच कर लें, ताकि भविष्य में गन्ना आपूर्ति के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो और आगामी फसल की बुवाई भी समय पर की जा सके।

किसानों के हितों के लिए प्रतिबद्ध है चीनी मिल प्रशासन

निरीक्षण के अंत में अधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि बजाज चीनी मिल रुधौली किसानों के हितों की रक्षा और उनकी समस्याओं के समाधान के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। अधिकारियों के आश्वासन से क्षेत्र के किसानों में उत्साह का माहौल देखने को मिला।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *