नगर कप्तानगंज संपर्क मार्ग हुआ बदहाल: पानी,कीचड़ और गड्ढों से राहगीरों का चलना हुआ मुश्किल…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

#नगर बाजार–कप्तानगंज संपर्क मार्ग बदहाल, गड्ढों और कीचड़ से राहगीरों का चलना हुआ मुश्किल#

बस्ती, 05 अगस्त 2026।

जनपद बस्ती के नगर पंचायत नगर बाजार से कप्तानगंज को जोड़ने वाला प्रमुख संपर्क मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। लगभग 11 किलोमीटर लंबी इस सड़क पर जगह-जगह बड़े गड्ढे हो गए हैं, जिनमें बारिश का पानी और कीचड़ भर जाने से आवागमन बेहद कठिन हो गया है। सबसे अधिक परेशानी दोपहिया वाहन चालकों, साइकिल सवारों और पैदल राहगीरों को उठानी पड़ रही है। कई स्थानों पर वाहन फिसलने का खतरा बना रहता है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ गई है।

📍टू-लेन स्वीकृति के बाद मरम्मत का काम ठप

यहां बताते चलें कि महादेवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक दूधराम के प्रयासों से इस सड़क के टू-लेन निर्माण को स्वीकृति मिल चुकी है।
लोगों का कहना है कि इसी कारण फिलहाल सड़क की मरम्मत कराने की दिशा में कोई पहल नहीं की जा रही है। क्षेत्र में इस मुद्दे को लेकर राजनीति भी तेज है, जबकि आम जनता को रोजाना जर्जर सड़क का खामियाजा भुगतना पड़ रहा है।

📍दो प्रमुख मार्गों को जोड़ने वाली महत्वपूर्ण सड़क

नगर बाजार से कप्तानगंज तक जाने वाला यह मार्ग लुंबिनी-दुद्दी मार्ग और बस्ती-अयोध्या हाईवे को जोड़ने का महत्वपूर्ण संपर्क मार्ग है। इस कारण इस सड़क पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों का लगातार आवागमन बना रहता है। सड़क की खराब स्थिति न केवल लोगों की यात्रा को कठिन बना रही है, बल्कि क्षेत्र के व्यापार और आवागमन पर भी प्रतिकूल असर डाल रही है।

📍स्थानीय लोगों ने शीघ्र मरम्मत की उठाई मांग

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि टू-लेन निर्माण कार्य शुरू होने तक कम से कम सड़क के गड्ढों को भरकर आवागमन सुचारु बनाया जाए, ताकि लोगों को रोजाना होने वाली परेशानी और संभावित दुर्घटनाओं से राहत मिल सके।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *