बस्ती में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस, मंडलायुक्त और जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण

बस्ती | 15 अगस्त 2026 |

सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों में शान से फहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर बस्ती जनपद में सभी सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों एवं प्रतिष्ठानों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राष्ट्रगान एवं वंदे मातरम् के गायन के साथ देशभक्ति का माहौल बना रहा। स्कूली छात्र-छात्राओं ने प्रभातफेरियां निकालीं। इस दौरान “15 अगस्त अमर रहें” और “भारत माता की जय” के नारों से वातावरण गूंज उठा।

मंडलायुक्त कार्यालय में वैभव श्रीवास्तव ने किया ध्वजारोहण

मंडलायुक्त कार्यालय पर मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव ने ध्वजारोहण किया। उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने राष्ट्रीय तिरंगे का अभिवादन किया और राष्ट्रगान गाया। मंडलायुक्त ने सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभाकक्ष में आयोजित गोष्ठी को संबोधित किया।

उन्होंने कहा कि अमर शहीदों के बलिदान और त्याग के कारण देश को स्वतंत्रता मिली। वर्ष 1857 में विद्रोह की चिंगारी भड़की, जो तत्कालीन परिस्थितियों में सफल नहीं हो सकी, लेकिन इसी विद्रोह ने आगे चलकर राष्ट्रीय चेतना का व्यापक प्रचार-प्रसार किया और आम जनमानस में स्वतंत्रता की भावना को मजबूत किया।

मंडलायुक्त ने कहा कि शासकीय सेवक के रूप में सभी की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है। संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप शासकीय नीतियों का सतर्कतापूर्वक जनहित में प्रयोग किया जाना चाहिए। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों को स्वीकार करते हुए बेहतर परिवेश तैयार करने का संकल्प लेना ही वीर शहीदों के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी।

तकनीकी विकास पर विशेष ध्यान देने का आह्वान

मंडलायुक्त ने कहा कि आज देश स्वतंत्र एवं सुखद वातावरण में नए बदलावों के साथ आगे बढ़ रहा है। इस पुनीत अवसर पर सभी को संकल्प लेना चाहिए कि तकनीकी विकास पर विशेष ध्यान दिया जाए, जिससे देश संतुलित शक्ति के रूप में पूर्ण रूप से विकसित हो सके।

उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे पुनीत भावना के साथ अपने उत्तरदायित्वों का निर्वहन करें। आम जनमानस का स्वागत करते हुए उनकी समस्याओं को सरलता और गंभीरता से सुनें तथा उनके समाधान का प्रयास करें। कार्यप्रणाली में सुधार के लिए सभी को आत्मचिंतन करना चाहिए कि अपने दायित्वों का निर्वहन और बेहतर तरीके से कैसे किया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि देश विकसित देशों की श्रेणी में तेजी से आगे बढ़ रहा है और विकास की यह संकल्पना तकनीकी प्रगति के माध्यम से ही संभव है। सभी नागरिक मानवीय मूल्यों का समर्थन करें, पंथ और संप्रदाय के आधार पर न बंटें तथा एकजुट होकर अपनी जिम्मेदारियों का दृढ़ संकल्प के साथ पालन करें।

छात्राओं ने प्रस्तुत किए देशभक्ति गीत

कार्यक्रम में अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, अपर आयुक्त न्यायिक सुरेंद्र प्रसाद यादव, संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, डीडी पंचायत हरिकेश बहादुर, प्रशासनिक अधिकारी संतोष कुमार पाण्डेय और रमेश चन्द्र कन्नौजिया ने भी राष्ट्रीय भावना से ओतप्रोत अपने विचार व्यक्त किए।

सभाकक्ष में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर की अध्यापिकाओं के निर्देशन में छात्राओं ने मनमोहक राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत किया। श्रुति मिश्रा ने ओजस्वी भाषण प्रस्तुत किया। मंडलायुक्त ने कार्यक्रम में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं एवं शिक्षिकाओं को पुरस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन जितेन्द्र श्रीवास्तव ने किया।

इस अवसर पर न्याय सहायक रमेश चन्द्र कन्नौजिया, वैयक्तिक सहायक बजरंग बली पाण्डेय, शैलेष श्रीवास्तव, अनुपम चौधरी, सुहेल अहमद, समीम अहमद, राजेश रसाल, ओम प्रकाश चौधरी, अमित उपाध्याय, सलभ श्रीवास्तव, संदीप यादव, आलोक सिंह, रमेश कुमार, संजय श्रीवास्तव सहित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी ने फहराया तिरंगा

स्वतंत्रता दिवस की 80वीं वर्षगांठ पर कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने ध्वजारोहण किया। राष्ट्रीय ध्वज का अभिवादन करते हुए सामूहिक राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् का गायन किया गया। इस अवसर पर राष्ट्रीय एकता का संकल्प भी दिलाया गया।

इसके बाद जिलाधिकारी ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और चन्द्रशेखर आजाद के चित्र पर माल्यार्पण कर पुष्पांजलि अर्पित की। जीजीआईसी की छात्राओं ने देशभक्ति गीत प्रस्तुत किए। जिलाधिकारी ने गांधी कला भवन पहुंचकर महात्मा गांधी की प्रतिमा पर भी माल्यार्पण किया।

जिलाधिकारी ने स्वतंत्रता और स्वच्छंदता के अंतर को समझाया

कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने संविधान के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय पर्व के अवसर पर आजादी के लिए अपना सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर सेनानियों को याद कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जाती है।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों के अथक प्रयासों के कारण देश को आजादी मिली। स्वतंत्रता के गीत सुनने मात्र से व्यक्ति के भीतर नई ऊर्जा का संचार होता है। प्रत्येक व्यक्ति को अपने आचरण और व्यवहार में मृदुभाषी होना चाहिए। उन्होंने स्वतंत्रता और स्वच्छंदता के बीच अंतर को भी विस्तार से समझाया।

जिलाधिकारी ने कहा कि सरकारी अधिकारी एवं कर्मचारी के रूप में प्रत्येक व्यक्ति को जो दायित्व सौंपा गया है, उसका पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। किसी भी समस्या को लेकर आने वाले व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और उसकी समस्या के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

अपर जिलाधिकारी ने ईमानदारी से दायित्व निभाने पर दिया जोर

अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने स्वतंत्रता संग्राम के बलिदानियों को याद करते हुए कहा कि आज हम उन्हीं के बलिदान के कारण स्वतंत्र देश में रह रहे हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से आम जनमानस के प्रति मृदुभाषी रहने तथा अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा और ईमानदारी से निर्वहन करने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी हिमांशु कुमार, रश्मि यादव, राजेश रंजन, मोतीलाल रंजन, राघवशरण शुक्ला, वीरेन्द्र कुमार, सुदर्शन यादव, सुरजीत कुमार, दीपक शुक्ला, इन्द्र कुमार गुप्ता, रैनो बाला, पिंकी श्रीवास्तव, ओम प्रकाश मिश्रा, अशोक चौधरी, धनन्जय सिंह, सरदार जगवीर सिंह, जीजीआईसी शिक्षिका मानवी सिंह सहित विभागीय अधिकारी-कर्मचारी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *