Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

नगर पंचायत बोर्ड की बैठक में हाउस टैक्स स्थगित, जनहित के कई अहम फैसले
नगर, बस्ती | 19 अगस्त 2026
हाउस टैक्स वसूली पर लगी रोक
📍गलत सर्वे से परेशान थी नगर पंचायत की जनता, जिसका लिया था नगर पंचायत अध्यक्ष द्वारा संज्ञान
आदर्श नगर पंचायत नगर बोर्ड की बैठक मंगलवार को नगर पंचायत कार्यालय स्थित अटल भवन के अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह स्मृति सभागार में सम्पन्न हुई। बैठक में नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना के प्रस्ताव पर व्यापक जनहित को देखते हुए हाउस टैक्स की वसूली स्थगित करने का सर्वसम्मत निर्णय लिया गया।
बैठक में कहा गया कि हाउस टैक्स सर्वे में सामने आई अनियमितताओं को दूर करने के बाद शासन के निर्देशानुसार नगर पंचायत क्षेत्र के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से ही न्यूनतम टैक्स वसूली निर्धारित की जाएगी।
सड़क, आवास और छुट्टा पशुओं को लेकर अहम निर्णय
नगर पंचायत क्षेत्र में लोक निर्माण विभाग की करीब आधा दर्जन सड़कों के पुनरुद्धार के लिए शासन और प्रशासन को पुनः पत्र भेजकर अनुरोध करने का निर्णय लिया गया। वहीं प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को ऑनलाइन आवेदन कराने के लिए अब इधर-उधर भटकना नहीं पड़ेगा। नगर पंचायत कार्यालय में ही ऑनलाइन आवेदन की सुविधा शुरू करने का फैसला लिया गया।
छुट्टा पशुओं की समस्या के समाधान के लिए एक माह के भीतर पशुओं को पकड़ने वाला यंत्र खरीदने और उन्हें नगर पंचायत की गोशाला में रखने की व्यवस्था करने पर भी सहमति बनी।
प्रधानमंत्री आवास योजना-2 के पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ दिलाने के लिए जांच टीमों से समन्वय स्थापित करते हुए कम से कम 2500 आवासों के आवेदन भेजने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।
पेयजल और सरकारी जमीनों की सुरक्षा पर जोर
📍नगर पंचायत में अधिकांश सरकारी जमीनों पर दबंगो द्वारा कब्जा -सूत्र
नगर पंचायत की नगरीय वाटर सप्लाई टंकी को एक सप्ताह के भीतर हैंडओवर कराने पर जोर दिया गया। इसके अलावा सभी सरकारी जमीनों पर अस्थायी चारदीवारी बनाकर उन्हें सुरक्षित करने का निर्णय लिया गया।
बैठक में महादेव मंदिर स्थल के विकास तथा अमर बलिदानी राजा उदय प्रताप नारायण सिंह के ऐतिहासिक राजकोट स्थल के विकास कार्यों को एक माह के भीतर पूरा कराने का निर्णय भी लिया गया।
नगर जूनियर हाईस्कूल परिसर में निर्माणाधीन अंतरिक्ष विज्ञान प्रयोगशाला भवन को इसी माह विद्यार्थियों को समर्पित करने पर भी सहमति बनी।
सभी 15 वार्डों में होंगे विकास कार्य
नगर पंचायत के सभी 15 वार्डों में छोटे-छोटे आवश्यक कार्य राज्य वित्त आयोग निधि से कराने का निर्णय लिया गया। इसके साथ ही प्रत्येक वार्ड में आस्था के प्रतीक बिहौती कुओं और स्थानीय पूजा स्थलों के विकास कार्य कराने की बात कही गई।
बैठक में पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी को भाजपा का राष्ट्रीय महासचिव बनाए जाने पर प्रसन्नता व्यक्त की गई। इसे क्षेत्र के लिए गर्व का क्षण बताते हुए राष्ट्रीय नेतृत्व के प्रति आभार जताया गया।
स्वस्थ, स्वच्छ और समृद्ध नगर बनाने का संकल्प
नगर पंचायत अध्यक्ष नीलम सिंह राना ने कहा कि नगर को देश के नक्शे पर स्थान दिलाने का प्रयास लगातार जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि स्वस्थ नगर, स्वच्छ नगर, सुंदर नगर और समृद्ध नगर बनाना सभी की प्राथमिकता है।
अधिशासी अधिकारी श्रृष्टि सिंह ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप भेदभाव रहित विकास सुनिश्चित करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ी जाएगी।
नवनिर्मित नगर पंचायत भवन के अत्याधुनिक सभागार में आयोजित यह पहली बोर्ड बैठक उत्साह और उल्लास के साथ सम्पन्न हुई। बैठक में सभासद सोनी सोनकर, रंजना कुमारी, राजेश पाण्डेय, दिनेश चौरसिया, राम सजन यादव, राजकुमार चौधरी, वीरेन्द्र कुमार, सत्यराम निषाद, अखिलेश यादव, विजय साहनी, संदीप कुमार, भानु प्रताप रावत, प्रदीप निषाद और राम चन्द्र सोनकर ने अपने-अपने क्षेत्रों की विभिन्न समस्याओं को सदन के समक्ष रखते हुए चर्चा में भाग लिया।
NGV PRAKASH NEWS