NGV PRAKASH NEWS

आजमगढ़ में नाली के विवाद ने लिया खूनी रूप, 30 वर्षीय युवक की मौत; बेटे के जन्म की खुशी के अगले दिन घर में छाया मातम
आजमगढ़ 4 सितंबर 2026।
पवई थाना क्षेत्र के चकिया बखरिया गांव में शुक्रवार सुबह नाली से पानी निकासी को लेकर दो पड़ोसियों के बीच हुआ विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। मारपीट की घटना में 30 वर्षीय हरिओम पांडेय पुत्र वीरेंद्र पांडेय की मौत हो गई। परिजनों ने पड़ोसी पर हरिओम का गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा है।
जानकारी के मुताबिक, चकिया बखरिया निवासी हरिओम पांडेय का पड़ोसी रामलाल शर्मा से नाली को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार सुबह पानी निकासी के विवाद को लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गई। आरोप है कि इसी दौरान हरिओम का गला दबा दिया गया, जिससे उनकी हालत बिगड़ गई।
परिजन उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बेटे के जन्म की खुशी के अगले दिन मातम
इस घटना ने परिवार की खुशियों को एक झटके में मातम में बदल दिया। बताया जा रहा है कि हरिओम की पत्नी रंजना ने घटना से ठीक एक दिन पहले वाराणसी के निजी अस्पताल में ऑपरेशन के जरिए एक पुत्र को जन्म दिया था। नवजात के घर आने की खुशी अभी ठीक से मन भी नहीं पाई थी कि अगले ही दिन पिता की मौत की खबर ने पूरे परिवार को तोड़कर रख दिया।
CO फूलपुर ने दी घटना की जानकारी
क्षेत्राधिकारी फूलपुर किरण पाल सिंह ने बताया कि पवई थाना क्षेत्र में दो पड़ोसियों के बीच पानी निकालने को लेकर मारपीट हुई थी। इस घटना में चोट लगने के कारण एक व्यक्ति की अस्पताल ले जाते समय मृत्यु हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौके पर पवई थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौजूद हैं और मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। आरोपों और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS