NGV PRAKASH NEWS

2.20 करोड़ रुपये के इनामी माओवादी असीम मंडल ने किया आत्मसमर्पण, 55 मामलों में था वांछित
रांची, 17 सितंबर 2026
झारखंड और ओडिशा सरकार की ओर से कुल 2.20 करोड़ रुपये के इनाम वाले माओवादी असीम मंडल उर्फ आकाश उर्फ तिमिर उर्फ मनोज उर्फ दीपक उर्फ राकेश ने गुरुवार को कोलकाता एसटीएफ के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। असीम मंडल पर झारखंड सरकार ने एक करोड़ रुपये और ओडिशा सरकार ने 1.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
55 से ज्यादा आपराधिक मामलों में था वांछित
असीम मंडल मूल रूप से पश्चिम बंगाल के पश्चिमी मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना थाना क्षेत्र के उत्तर फुलचुक का रहने वाला बताया गया है। उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 55 से अधिक आपराधिक मामलों की जानकारी सामने आई है। वह पश्चिमी सिंहभूम के सारंडा क्षेत्र में माओवादी गतिविधियों में सक्रिय रहा था।
असीम मंडल के आत्मसमर्पण के बाद झारखंड पुलिस की एक टीम कोलकाता जाकर उससे पूछताछ करेगी। पुलिस उससे संगठन में सक्रिय अन्य सदस्यों, हथियारों और माओवादी गतिविधियों से जुड़ी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाने का प्रयास करेगी।
असीम के दस्ते से मुठभेड़ों में सुरक्षा बलों को हुआ था नुकसान
जानकारी के अनुसार, असीम मंडल के दस्ते की सुरक्षा बलों के साथ पश्चिमी सिंहभूम जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कई मुठभेड़ हुई थीं। 11 जनवरी 2023 को चाईबासा के टोंटो थाना क्षेत्र के तुंबाहाका में मुठभेड़ और आईईडी विस्फोट में 209 कोबरा बटालियन के नौ जवान घायल हुए थे।
इसी तरह 31 मार्च 2020 को चाईबासा के कराईकेला थाना क्षेत्र के जोन्वा में असीम मंडल के दस्ते के हमले में एक जवान के शहीद होने की जानकारी सामने आई है। एक जुलाई 2018 को पूर्वी सिंहभूम के एमजीएम थाना क्षेत्र के झाटी पहाड़ी में हुए हमले में भी एक जवान के शहीद होने की बात सामने आई है।
इसके अलावा 12 अप्रैल 2025 को जरायकेला थाना क्षेत्र के राधापोरा में झारखंड जगुआर का एक जवान शहीद हुआ था। वहीं एक मार्च 2026 को चाईबासा के छोटानागरा थाना क्षेत्र के मारांगपोंगा में असीम मंडल के दस्ते के साथ मुठभेड़ में 209 कोबरा बटालियन के सहायक समादेष्टा सहित दो सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे।
पहले भी असीम मंडल के दस्ते के माओवादियों ने किया था आत्मसमर्पण
असीम मंडल के आत्मसमर्पण से पहले पश्चिम बंगाल के बांकुड़ा जिले में उसके दस्ते से जुड़े तीन माओवादियों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया था। इनमें 15 लाख रुपये का इनामी रीजनल कमेटी सदस्य राम प्रसाद मार्डी, उसकी पत्नी एवं जोनल कमांडर सह 10 लाख रुपये की इनामी मीता उर्फ नयनतारा तथा एक अन्य सदस्य गौरी शामिल थीं।
असीम मंडल के आत्मसमर्पण के बाद अब पुलिस उससे माओवादी संगठन की गतिविधियों और बचे हुए सदस्यों के संबंध में जानकारी हासिल करने की तैयारी में है।
NGV PRAKASH NEWS