Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दीपावली और छठ पूजा को लेकर संतकबीरनगर में प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव और डीआईजी संजीव त्यागी ने की पीस कमेटी की बैठक
संतकबीरनगर 04 नवंबर 2026
आगामी दीपावली, छठ पूजा, भैया दूज एवं लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए संतकबीरनगर जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में मंडलायुक्त बस्ती वैभव श्रीवास्तव एवं डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी की उपस्थिति में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अधिकारियों ने संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं और आयोजकों से संवाद स्थापित कर त्योहारों के दौरान आपसी प्रेम, भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की।
नई परंपरा शुरू करने पर रहेगी रोक
बैठक में जिलाधिकारी अनुज मलिक, पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना और अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह सहित अन्य पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी नई परंपरा की शुरुआत नहीं की जाएगी। सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पूर्व निर्धारित परंपराओं के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे। आयोजकों को निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए कार्यक्रम संपन्न कराने को कहा गया।
लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्गों एवं स्थलों का पालन करने के साथ सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए।
संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की रहेगी विशेष निगरानी
बैठक में पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। बाजारों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के साथ नियमित फुट पेट्रोलिंग और क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी रखने को कहा गया।
अधिकारियों ने यातायात व्यवस्था सुचारु बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां पहले से पूरी करने पर जोर दिया।
सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई
त्योहारों के दौरान सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली भ्रामक सूचनाओं एवं अफवाहों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
आमजन से अपील की गई कि किसी भी अपुष्ट सूचना अथवा अफवाह पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के ऐसी सूचनाओं को सोशल मीडिया पर साझा न करें।
धर्मगुरुओं और आयोजकों से शांति बनाए रखने की अपील
बैठक में विभिन्न थाना क्षेत्रों से आए संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं आयोजकों से पुलिस-प्रशासन का सहयोग करने की अपील की गई। अधिकारियों ने कहा कि त्योहार हमारी सामाजिक एकता, प्रेम और भाईचारे के प्रतीक हैं। सभी लोग मिल-जुलकर त्योहार मनाएं और जनपद में शांति व्यवस्था बनाए रखने में अपनी जिम्मेदारी निभाएं।
बैठक में क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय, क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा, क्षेत्राधिकारी मेहदावल सर्वदवन सिंह तथा जनपद के समस्त थाना प्रभारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS