दीपावली और छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीआईजी संजीव त्यागी ने की तैयारियों की समीक्षा …….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH

दीपावली और छठ पूजा को लेकर प्रशासन अलर्ट, डीआईजी संजीव त्यागी ने की तैयारियों की समीक्षा, 6 नवंबर से शुरू होगा कंट्रोल रूम

बस्ती 04 नवंबर 2026

बस्ती जिले में आगामी दीपावली, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन एवं छठ पूजा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को पुलिस लाइन सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक की अध्यक्षता डीआईजी बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने की। बैठक में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

कानून-व्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था की हुई समीक्षा

बैठक में त्योहारों के दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, यातायात नियंत्रण, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, अग्निशमन व्यवस्था तथा लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन एवं छठ पूजा स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

डीआईजी संजीव त्यागी ने कहा कि सभी पर्व आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक सौहार्द के प्रतीक हैं। इन्हें शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभागीय एवं पुलिस अधिकारी आपसी समन्वय बनाकर समय से आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें।

पटाखा दुकानों पर अग्निशमन सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश

जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिया कि त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी सरकारी अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केंद्रों को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए। चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ की पर्याप्त तैनाती के साथ एंबुलेंस एवं आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं भी उपलब्ध रहें।

उन्होंने अग्निशमन विभाग को निर्देशित किया कि फायर ब्रिगेड की गाड़ियां अलर्ट मोड पर रहें। दीपावली के दौरान पटाखों की दुकानों पर अग्निशमन यंत्र, पर्याप्त मात्रा में बालू और पानी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित कराई जाए। साथ ही दुकानों के आसपास सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन कराया जाए, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके।

विसर्जन घाटों पर बैरिकेडिंग और गोताखोरों की रहेगी व्यवस्था

जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को सार्वजनिक स्थलों, पूजा स्थलों और घाटों पर साफ-सफाई, पेयजल तथा प्रकाश व्यवस्था समय से पूरी कराने के निर्देश दिए। लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन स्थलों पर बैरिकेडिंग, सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण के समुचित इंतजाम करने को कहा।

नदियों एवं जलाशयों में प्रतिमा विसर्जन के दौरान गोताखोरों, नाव और बचाव दल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। छठ पूजा के दौरान भी घाटों पर श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

6 नवंबर से क्रियाशील होगा जिला स्तरीय कंट्रोल रूम

त्योहारों के दौरान प्राप्त होने वाली सूचनाओं और शिकायतों के त्वरित निस्तारण के लिए कलेक्ट्रेट स्थित प्रशासनिक कक्ष में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। यह कंट्रोल रूम आगामी 6 नवंबर से क्रियाशील होगा।

जिला प्रशासन बस्ती कंट्रोल रूम

05542-247128

कंट्रोल रूम में कर्मचारियों की ड्यूटी शिफ्टवार लगाई गई है। प्राप्त सूचनाओं एवं शिकायतों से संबंधित उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर आवश्यक कार्रवाई कराई जाएगी।

10, 11 और 12 नवंबर को प्रस्तावित है प्रतिमा विसर्जन

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया कि संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। विसर्जन जुलूसों के निर्धारित मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए तथा भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जाए।

उन्होंने कहा कि शांति व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने वाले अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखते हुए उनके विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाए। लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन कार्यक्रम आगामी 10, 11 एवं 12 नवंबर को प्रस्तावित है। इसके मद्देनजर सभी संबंधित अधिकारी विसर्जन स्थलों और निर्धारित मार्गों का पहले से निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर लें, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कई विभागों के अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सहायक पुलिस अधीक्षक मानसी दहिया, डीएफओ डॉ. शिरीन, अपर जिलाधिकारी ज्ञानचन्द गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकान्त, आबकारी अधिकारी राजेश कुमार, जिला विद्यालय निरीक्षक संजय सिंह, सहायक आयुक्त खाद्य चितरंजन कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी संजीव कुमार, एसई विद्युत मो. खालिद तथा उपजिलाधिकारी प्रमोद कुमार, उमाकान्त तिवारी, राजेश यादव और अहमद फरीद खान सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *