एसएसपी अभिषेक महाजन नें आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दीपावली और छठ पूजा को लेकर एसपी अभिषेक महाजन ने की पीस कमेटी की बैठक, आपसी सौहार्द बनाए रखने की अपील

सिद्धार्थनगर 05 नवंबर 2026

आगामी धनतेरस, दीपावली, छठ पूजा और भैया दूज के त्योहारों को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए सिद्धार्थनगर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक डॉ. अभिषेक महाजन ने गुरुवार को पुलिस लाइन सिद्धार्थनगर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित की। बैठक में मूर्ति पूजा आयोजकों, मूर्तिकारों, डीजे संचालकों, संभ्रांत नागरिकों एवं धर्मगुरुओं के साथ संवाद स्थापित कर त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने पर चर्चा की गई।

प्रेम और भाईचारे के साथ त्योहार मनाने की अपील

बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक ने सभी से आगामी त्योहारों को आपसी प्रेम, भाईचारे और पारस्परिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने उपस्थित संभ्रांत नागरिकों, धर्मगुरुओं एवं आयोजकों से कहा कि त्योहारों के दौरान स्थानीय स्तर पर शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। साथ ही सभी धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम पूर्व निर्धारित परंपराओं के अनुसार तथा शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप आयोजित करने को कहा।

प्रतिमा विसर्जन और सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

एसपी ने लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्गों एवं स्थलों का पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, नियमित पैदल गश्त और लगातार क्षेत्र भ्रमण कर निगरानी रखने पर जोर दिया गया। बाजारों, प्रमुख चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं विसर्जन स्थलों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने तथा यातायात को सुचारु रखने के निर्देश भी दिए गए।

सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों पर होगी कार्रवाई

पुलिस अधीक्षक ने सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की आपत्तिजनक, भड़काऊ अथवा सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाली पोस्ट सामने आने पर तत्काल नियमानुसार कार्रवाई की जाए। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि किसी भी अपुष्ट सूचना या अफवाह पर ध्यान न दें और बिना सत्यापन के ऐसी सूचनाओं को सोशल मीडिया पर साझा न करें।

प्रशासनिक अधिकारी और गणमान्य नागरिक रहे मौजूद

पीस कमेटी की बैठक में अपर जिलाधिकारी सिद्धार्थनगर, अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थनगर, उपजिलाधिकारी सिद्धार्थनगर, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारीगण तथा विभिन्न वर्गों के गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *