Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

त्योहारों को लेकर डीएम कृत्तिका ज्योत्स्ना ने दिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
बस्ती 05 नवंबर 2026
बस्ती जिले में आगामी धनतेरस, दीपावली, भाईदूज, लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन एवं छठ पूजा को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। गुरुवार को जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में त्योहारों के दौरान सुरक्षा, बिजली, साफ-सफाई, यातायात, स्वास्थ्य सेवाओं और प्रतिमा विसर्जन की व्यवस्थाओं को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
📍भाईचारे और सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सभी नागरिकों को त्योहारों की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बस्ती की आपसी भाईचारे और मिलजुलकर त्योहार मनाने की परंपरा को कायम रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से सामाजिक सौहार्द बनाए रखने तथा सभी पर्वों को आपसी सहयोग और शांतिपूर्ण वातावरण में मनाने की अपील की।
उन्होंने साफ-सफाई को सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए संबंधित विभागों को विशेष स्वच्छता अभियान चलाने के निर्देश दिए। विद्युत विभाग को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, ढीले तारों को दुरुस्त करने तथा स्थानीय स्तर पर होने वाले फाल्ट को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए गए।
📍प्रतिमा विसर्जन घाटों पर गोताखोर और नाव की होगी व्यवस्था
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग और नगर पालिका के अधिकारियों को प्रतिमा विसर्जन मार्गों का सुदृढ़ीकरण एवं समतलीकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विसर्जन घाटों पर समय से गोताखोर, नाव तथा प्रकाश की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, जिससे प्रतिमा विसर्जन के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।
उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित समय का विशेष ध्यान रखने और संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए। साथ ही लक्ष्मी प्रतिमाओं की स्थापना ऐसे सुरक्षित स्थानों पर करने को कहा, जिससे यातायात बाधित न हो। आरती एवं पूजन के दौरान आग लगने की आशंका को देखते हुए अग्निशमन उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रखने पर भी जोर दिया।
📍अस्पतालों में दवाओं और चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश
त्योहारों के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देशित किया कि सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर पर्याप्त चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही आवश्यक दवाओं का पर्याप्त स्टॉक भी रखा जाए।
उन्होंने बताया कि कलेक्ट्रेट कार्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है। किसी भी प्रकार की समस्या या आपात स्थिति में नागरिक मोबाइल नंबर 05542-247128 पर सूचना दे सकते हैं, ताकि तत्काल कार्रवाई करते हुए समस्या का निस्तारण कराया जा सके। उन्होंने रेहड़ी-पटरी दुकानदारों को निर्धारित स्थानों पर ही दुकानें लगाने की हिदायत दी, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।
📍अफवाहों से बचें, पुलिस प्रशासन को तत्काल दें सूचना: एसपी
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने कहा कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध अथवा विवाद से जुड़ी सूचना तत्काल स्थानीय प्रशासन या पुलिस को दें। उन्होंने संभ्रांत नागरिकों से अपील की कि कार्यक्रम स्थलों पर किसी प्रकार का विवाद उत्पन्न न होने दें। किसी भी प्रतिकूल परिस्थिति में तत्काल पुलिस प्रशासन को सूचित करें, जिससे समय रहते समस्या का समाधान किया जा सके।
उन्होंने प्रतिमा विसर्जन के दौरान अनुशासित एवं व्यवस्थित तरीके से जुलूस निकालने की अपील की। साथ ही बताया कि जनपद अयोध्या में प्रस्तावित दीपोत्सव कार्यक्रम के दृष्टिगत बस्ती में भी रूट डायवर्जन लागू किया गया है। उन्होंने आमजन से यातायात डायवर्जन का पालन करने की अपील की।
📍निर्धारित स्थानों पर ही लगेंगी पटाखों की दुकानें
अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता ने बताया कि जनपद में जीआईसी, आईटीआई और पाण्डेय स्कूल परिसर में पटाखों की दुकानें लगाई जाएंगी। इसके अतिरिक्त कुछ दुकानें ग्रामीण क्षेत्रों में भी निर्धारित की गई हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि दुकानदार अनुमति प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद ही दुकानें संचालित करें तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप पानी, बालू और अग्नि सुरक्षा उपकरणों की पर्याप्त व्यवस्था रखें। पटाखों की दुकानें आबादी वाले क्षेत्रों में नहीं लगाई जाएंगी।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत, सहायक पुलिस अधीक्षक मानसी दहिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजीव निगम, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, पीडी आनंद कुमार गुप्ता, डीआईओएस संजय सिंह, सीवीओ डॉ. ए.के. गुप्ता, एआरटीओ धर्मेंद्र कुमार, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट अपूर्वा सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा विधायक प्रतिनिधि हर्रैया सरोज मिश्र, सदर के मोहम्मद सलीम, कप्तानगंज के गुलाब चन्द्र सोनकर, महादेवा के फूल चन्द्र श्रीवास्तव, पत्रकार जयन्त मिश्रा, जीशान हैदर रिजवी, इमरान अली, राघवेन्द्र मिश्र, समस्त क्षेत्राधिकारी, थाना प्रभारी तथा जिला शांति समिति के सदस्य एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS