NGV PRAKASH NEWS

दिवाली की खरीदारी कर घर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में मौत, परिवार में मचा कोहराम
बस्ती 07 नवंबर 2026.
जनपद बस्ती के छावनी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की दिवाली की खुशियों को मातम में बदल दिया। त्योहार की खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे 30 वर्षीय युवक की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
रामरेखा पुल के पास हुआ दर्दनाक हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, छावनी थाना क्षेत्र के सकरवाल निवासी दिलीप चौहान (30) शनिवार सुबह करीब 9 बजे छावनी कस्बे से दिवाली के लिए सामान और मिठाई खरीदकर बाइक से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान प्रकाश ढाबे के पास रामरेखा पुल पर विपरीत दिशा से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि दिलीप सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
घटना की सूचना मिलने पर एनएचएआई की एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल दिलीप को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हर्रैया पहुंचाया गया। हालांकि, गंभीर चोटों के चलते उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
फरार वाहन की तलाश में जुटी पुलिस
छावनी थाना प्रभारी निरीक्षक राणा डीपी सिंह के मुताबिक, पुलिस हादसे की जांच कर रही है। टक्कर मारकर फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। घटना के संबंध में आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
दिवाली जैसे खुशियों के पर्व पर दिलीप की असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। जिस घर में त्योहार की तैयारियां चल रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।
NGV PRAKASH NEWS