एक बार फिर उठी बस्ती -टांडा रेल मार्ग बनाने की मांग…….

NGV PRAKASH NEWS

1984 में संसद तक पहुंची टांडा–बस्ती रेल लाइन की मांग, अब धरातल पर उतारने की उठी आवाज

बस्ती 10 नवंबर 2026.

अंबेडकरनगर और बस्ती जिले के बीच रेल कनेक्टिविटी बेहतर बनाने के लिए एक बार फिर टांडा से कलवारी होते हुए बस्ती तक नई ब्रॉडगेज रेलवे लाइन के निर्माण की मांग तेज हो गई है।

सबसे खास बात यह है कि यह मांग नई नहीं है, बल्कि करीब चार दशक पहले भी यह मांग संसद तक पहुंच चुकी है। यही नहीं बीच-बीच में सर्दी की मांग और सर्वे होने की बात भी आम जनता द्वारा किया जाता रहा है | अब क्षेत्रीय लोगों की मांग है कि इस ऐतिहासिक प्रस्ताव को धरातल पर उतारने के लिए केंद्र सरकार और रेल मंत्रालय गंभीर पहल करें।

यहां बताते चलें कि 25 अगस्त 1984 को संसद में प्रस्तुत रेलवे कन्वेंशन कमेटी की 12वीं रिपोर्ट में उत्तर प्रदेश की प्रस्तावित नई रेल लाइनों की सूची में टांडा–बस्ती रेल लिंक का उल्लेख किया गया था, जिसमें बस्ती से नगर, कलवारी घाघरा नदी पार करते हुए टांडा तक रेल मार्ग सर्वे करने की बात कही गई थी । ऐसे में लंबे समय से लंबित इस रेल परियोजना पर एक बार फिर विचार करने की मांग उठ रही है।

प्रस्तावित रेल मार्ग बस्ती टांडा वाया कलवारी किए जाने की मांग है। इसके तहत घाघरा (सरयू) नदी पर स्वतंत्र रेलवे पुल के निर्माण और कलवारी में नए यात्री रेलवे स्टेशन की व्यवस्था का प्रस्ताव रखा गया है। प्रारंभिक तौर पर इस रेल लाइन की लंबाई लगभग 36 से 42 किलोमीटर के बीच बताई जा रही है, हालांकि वास्तविक दूरी रेलवे के तकनीकी सर्वेक्षण के बाद ही तय होगी।

📍रेल लाइन बनने से मिलेंगे कई फायदे

इस परियोजना के पूरा होने से अंबेडकरनगर और बस्ती के बीच सीधा रेल संपर्क स्थापित हो सकेगा। साथ ही उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के नेटवर्क के बीच एक नया रेल संपर्क विकसित होने की संभावना बनेगी। टांडा, कलवारी और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी।

यहां बताते चलें कि टांडा औद्योगिक क्षेत्र होने की वजह से बहुत ज्यादा व्यापारी पूर्वांचल के जिलों से टांडा पहुंचते हैं, ऐसे में रेल सुविधा होने से व्यापार बढ़ेगा तथा लोगों को आजमगढ़ बनारस इलाहाबाद सुल्तानपुर प्रतापगढ़ मिर्जापुर जाने वाले लोगों को भी इससे सुविधा मिलेगी |

इसके अलावा एनटीपीसी टांडा और क्षेत्रीय व्यापार को माल परिवहन का एक अतिरिक्त विकल्प मिल सकता है। इससे गोरखपुर और गोंडा की दिशा में रेल कनेक्टिविटी के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।

रेल मंत्रालय से सर्वे कराने की मांग

इस जनहित की मांग को लेकर रेल मंत्रालय और रेलवे बोर्ड से अनुरोध किया गया है कि बस्ती –कलवारी–टांडा रेल लाइन के ऐतिहासिक प्रस्ताव पर पुनर्विचार किया जाए। इसके लिए संयुक्त तकनीकी एवं यातायात व्यवहार्यता सर्वे कराया जाए। घाघरा नदी पर रेलवे पुल के संभावित स्थानों का अध्ययन कर सकारात्मक रिपोर्ट मिलने पर फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) और विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया शुरू की जाए।

अब देखना यह है कि चार दशक से अधिक समय पहले संसद तक पहुंची यह मांग कब सरकारी फाइलों से निकलकर धरातल पर उतरती है। यदि इस परियोजना को मंजूरी मिलती है तो बस्ती और अंबेडकरनगर के बीच आवागमन के साथ-साथ व्यापारिक गतिविधियों को भी नई गति मिल सकती है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *